औरंगाबाद . मदनपुर के अनुग्रह इंटर उच्च विद्यालय में इंटर में नामांकन में लिये गये अधिक पैसे छात्रों को वापस किये जायेंगे. अधिक रुपये लिये जाने पर मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता प्राचार्या मीना रानी से मिले और शुल्क में कटौती करने की मांग की. विद्यार्थी परिषद के प्रदेश सह मंत्री दीपक कुमार ने बताया कि सत्र 2014-16 में नामांकन के लिये छात्रों से 1800 से लेकर दो हजार रुपये तक लिये जा रहे है और इसकी रसीद भी नहीं दी जा रही है.
बाद में जब छात्रों ने रसीद की मांग की तो मात्र 936 रुपये की दी गयी. नामांकन में अधिक शुल्क लिये जाने को लेकर पूर्व में छात्रों ने हंगामा भी किया था, लेकिन कॉलेज प्रबंधन द्वारा इस मामले में कोई पहल नहीं की गयी. प्रदेश सह मंत्री ने बताया कि छात्रों द्वारा इसकी सूचना संगठन को मिली जिसके बाद प्राचार्या मीना रानी से मिलकर इस समस्या से संबंधित लिखित शिकायत की गयी. साथ ही दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई करने की मांग की गयी.
उन्होंने बताया कि प्राचार्य ने भी कहा कि इसकी शिकायत मिली थी, लेकिन सिर्फ मौखिक. अब लिखित शिकायत मिली है तो इसकी जांच कर कार्रवाई की जायेगी. छात्रों से किसी भी रूप में अधिक शुल्क नहीं लिया जायेगा. जिन छात्रों से अधिक शुल्क लिया गया है उनके पैसे भी लौटाये जायेंगे. इधर, अभाविप नेताओं ने कहा कि अगर दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जिला शिक्षा पदाधिकारी का घेराव कर आंदोलन किया जायेगा. इस मौके पर काली कुमार, दीपक कुमार, नकुल कुमार, राजीव कुमार, आलोक कुमार, सूर्यकांत आदि उपस्थित थे.
