औरंगाबाद (कोर्ट): महागंठबंधन ने भाजपा की बेचैनी बढ़ा दी है. यही वजह है कि बौखलाहट में भाजपा नेता अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं. ये बातें महागंठबंधन के दलों के नेताओं ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही. प्रेस वार्ता को महागंठबंधन में शामिल सभी दलों के जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी-कार्यकर्ता ने संबोधित किया.
राजद के जिलाध्यक्ष कौलेश्वर यादव ने कहा कि कुछ लोग यह भ्रम फैला रहे हैं कि महागंठबंधन के बाद आरजेडी, एनसीपी, जदयू व कांग्रेस के कार्यकर्ता एक साथ नजर नहीं आ रहे या साथ कार्यक्रम नहीं कर रहे. लेकिन यह सही नहीं है, बल्कि हम सभी साथ हैं. 17 जून को महागंठबंधन के विधान परिषद प्रत्याशी विनय प्रसाद का नामांकन है. इसमें चारों दलों के नेता भारी संख्या में भाग लेंगे.
उन्होंने कहा कि भाजपा बिहार में यह भी अफवाह फैला रही है महागंठबंधन की स्थिति ठीक नहीं है. लेकिन वास्तविकता तो यह है कि लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा लगातार नीचे की ओर गिरती जा रही है. सभी दलों ने मिलकर संकल्प लिया है कि महागंठबंधन के प्रत्याशी को जीत दिलायेंगे. पंचायत स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के नेता नामांकन में भाग लेंगे. जदयू जिलाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह ने कहा कि महागंठबंधन प्रत्याशी को जीत दिलाने की दिशा में चारों दलों के कार्यकर्ता एक साथ काम कर रहे हैं. हालांकि जिला में चारों ओर यह चर्चा है कि महागंठबंधन प्रत्याशी चुनाव जीत चुके हैं, बस चुनावी प्रक्रिया होनी बाकी है. लालू प्रसाद के प्रस्ताव पर महागंठबंधन की घोषणा कर दी गयी है, इससे भाजपा को करारा झटका लगा है. महागंठबंधन सभी 24 सीटों में से 20-22 सीटों पर जीत हासिल करेगा.
जदयू जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो विकास की लंबी लकीर खींची है, महागंठबंधन के बाद उसे और मजबूती मिलेगी. महागंठबंधन प्रत्याशी विनय प्रसाद के नामांकन में पार्टी के चारों विधायक से लेकर कार्यकर्ता भाग लेंगे. वहीं प्रदेश स्तरीय नेता भी भाग लेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि महागंठबंधन के खिलाफ काम करने वालों पर पार्टी सख्त है और ऐसे लोगों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी. कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि महागंठबंधन होना सराहनीय कदम है. महागंठबंधन अटूट है और इसके प्रत्याशी को हर हाल में जीत मिलेगी. राजद के प्रदेश महासचिव ई सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि महागंठबंधन होने से कमल फूल के साथ-साथ भाजपा नेताओं का चेहरा भी मुरझा गया है. देश को भ्रष्टाचारमुक्त बनाने का राग अलापने वाली भाजपा खुद भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रही है. इसके मंत्री भ्रष्टाचारियों की मदद कर रहे हैं. इस मौके पर पूर्व विधायक रेणु देवी, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता देवीदयाल सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, जदयू प्रवक्ता तेजेंद्र सिंह, एस शाहजादा शाही, शंकर यादवेंदू, युसुफ आजाद अंसारी सहित महागंठबंधन के सभी दलों राजद, कांग्रेस, जदयू व एनसीपी के कार्यकर्ता उपस्थित थे.
