12 लोगों के घर जल कर राख

राजपुर बिगहा में भीषण अगलगी में दो दर्जन परिवार बेघर औरंगाबाद (ग्रामीण) : सदर प्रखंड की ओरा पंचायत के राजपुर बिगहा गांव में गुरुवार को भीषण अगलगी की घटना में 12 घर पूरी तरह जल कर राख हो गया. इस घटना में एक दर्जन मुरगा-मुरगी व गाय भी जल कर मर गयी. गरीबों के घर […]

राजपुर बिगहा में भीषण अगलगी में दो दर्जन परिवार बेघर
औरंगाबाद (ग्रामीण) : सदर प्रखंड की ओरा पंचायत के राजपुर बिगहा गांव में गुरुवार को भीषण अगलगी की घटना में 12 घर पूरी तरह जल कर राख हो गया. इस घटना में एक दर्जन मुरगा-मुरगी व गाय भी जल कर मर गयी. गरीबों के घर में रखे नकद रुपये सहित लगभग 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. घटना दोपहर की है. इससे दो दर्जन पीड़ित परिवार बेघर हो गये हैं. मिली जानकारी के अनुसार, सबसे पहले आग संजय राम के घर लगी.
संजय राम के घर से आग की उठी लपटें कुछ ही क्षण में पवन राम, सुरेंद्र राम, अजीत राम, अरुण राम, अरविंद राम, राजेंद्र राम, शोभन राम, मोहन राम, सुखल राम, विजय राम, राजेश राम के घरों में फैल गयी. सभी परिवार जान बचा कर भागने लगे. किसी को भी कुछ भी सामान घर से निकालने का मौका नहीं मिला. इस घटना में सुखलाल राम की बेटी ज्ञानति कुमारी व सुबंती कुमारी बाल-बाल बची. घटना के समय पिता सुखल राम मजदूरी करने औरंगाबाद गये थे. जबकि, मां प्रमीला देवी एक समूह की बैठक में शामिल होने पास के ही गांव में गयी थी.
घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका. इधर घटना की सूचना पाकर ओरा पंचायत के मुखिया अनिल कुमार यादव, सरपंच शिव कुमार घटनास्थल पहुंचे और इसकी सूचना मुफस्सिल थाने की पुलिस व अंचल अधिकारी को दी. सूचना पाकर अंचल निरीक्षक भीमसेन प्रसाद सिंह, राजस्व कर्मचारी उपेंद्र शर्मा व रामलगन राम पहुंचे तथा क्षति का जायजा लिया. अंचल निरीक्षक ने बताया कि फिलहाल पीड़ित परिवारों को दो-दो हजार नकद रुपये दिये गये हैं. बाकी 2700 रुपये प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अंचल कार्यालय में दिया जायेगा. मुखिया अनिल कुमार ने पीड़ितों को फूस का छप्पर देने की घोषणा की. मुफस्सिल थाने की पुलिस भी पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.
सूचना पर पहुंचा दमकल
अगलगी के तुरंत बाद सूचना पाकर दमकल वहां पहुंचा और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया. हालांकि, दमकल से बचे हुए घर को अगलगी की भेंट चढ़ने से बचा लिया गया. लेकिन, दमकल पहुंचने के पहले ही लाखों का नुकसान हो चुका था.
कूद-कूद के लगइत हलई आग
अगलगी की घटना के बाद राजपुर बिगहा गांव में महिलाओं की चीत्कार से कोना-कोना गूंज उठा. पीड़ित परिवार के हर सदस्य के आंख में आंसू थे. महिला सबिता देवी, प्रमिला देवी, मुनी देवी बिलखते हुए कह रही थी कि इ आग में सब जल गेलई, कूद-कूद के लगइत हलई आग. लोग सांत्वना दे रहे थे,लेकिन उसका असर पीड़ितों पर नहीं पड़ रहा था.
बेटी की शादी के लिए रखे रुपये भी जले
अगलगी में गरीबों के कई परिवार के नकद रुपये भी जल गये. सबसे अधिक नुकसान संजय राम व राजेश राम को हुआ है. संजय राम का लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है. बेटी रिंकी की शादी 30 मई को होनेवाली है. पिता संजय राम व मां सबिता देवी एक -एक पैसे जमा कर शादी की तैयारी कर रहे थे.
10 हजार रुपये शादी के लिए सूद पर भी लाये थे. इंदिरा आवास का पैसा भी घर में ही था,जो सभी जल कर राख में तब्दील हो गया. मुरगा-मुरगी व पशु भी मर गये. घटना के बाद पूरा परिवार बेघर हो गया है. घटना के दौरान पति-पत्नी घर में नहीं थे. पति कमाने निकला था, जबकि पत्नी राजपुर गांव में एक समूह की बैठक में गयी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >