औरंगाबाद (नगर) : जिले के सरकारी अस्पतालों में ठप अल्ट्रासाउंड सुविधा को पुन: बहाल करने को लेकर हिंदू युवा के प्रांत संयोजक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल सिविल सजर्न डॉ परशुराम भारती से मिला. इस दौरान संगठन के लोगों ने सिविल सजर्न को चेतावनी देते हुए कहा कि अल्ट्रासाउंड की सुविधा सरकारी अस्पतालों में बंद कर दी गयी है. इस सुविधा से गरीब परिवार के लोग जुड़े हुए थे.
जिले में गरीब परिवार के लोग पैसे की लाचारी में अल्ट्रासाउंड कराने के लिए सरकारी चिकित्सालयों में पहुंचते थे. लेकिन, सेवा ठप हो जाने के कारण गरीब परिवार के लोगों को 800-1000 रुपये देकर बाहर में अल्ट्रासाउंड कराना पड़ रहा है. जिस गरीब परिवार के पास पैसा नहीं है, वे लोग वापस घर लौटने को विवश हैं. इसे ध्यान में रखते हुए 72 घंटे के अंदर जिले के सरकारी चिकित्सालयों में बंद अल्ट्रासाउंड सुविधा को बहाल करें.
अन्यथा उग्र आंदोलन के लिए तैयार रहें. सिविल सजर्न ने आश्वासन दिया कि इसमें खुद मैं पहल कर रहा हूं. जल्द ही सुविधा को बहाल कर दिया जायेगा. साथ ही बाहर में जो अल्ट्रासाउंड चल रहा है, उसकी भी जांच की जायेगी. सिविल सजर्न से मिलनेवालों में उज्ज्वल कुमार सिंह व दीपक कुमार शामिल थे.
