चोरी की बाइकों के साथ पांच नाबालिग छात्र पकड़ाये, हुए मुक्त भी
औरंगाबाद (नगर) : नगर व मुफस्सिल थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर चोरी की दो बाइक के साथ पांच नाबालिग छात्रों को बुधवार की रात विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार की थी. पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार हुए लोगों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की थी.
लेकिन, उम्र कम होने के कारण एसपी बाबू राम ने एक बार सुधरने का मौका देते हुए गिरफ्तार पांच छात्रों को थाना से बांड बना कर छोड़ दिया. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहर के गायत्री नगर, रामाबांध व सत्येंद्र नगर में रहनेवाले पांच बच्चों को चोरी की दो बाइक पल्सर बीआर26ई-0843, बीआर26ई- 2690 के साथ गिरफ्तार किया गया था. सभी छात्र एक ही उम्र के हैं. सिर्फ ऐसी गलती नहीं करने की चेतावनी पर छोड़ गया है.
कहा गया है कि ऐसी गलती में पकड़े जाने पर उसके माता-पिता को भी जेल भेज दिया जायेगा. एसपी ने बताया कि इस गिरोह का एक अन्य सरगना भी है. उसे पकड़ने के लिए जिले में पुलिस ने पहल शुरू कर दी है. बहुत जल्द गिरोह पकड़ाया जायेगा.
