20 दिनों से ठप है एनपीजीसी की सहयोगी दो कंपनियों का काम
औरंगाबाद/नवीनगर : बारुण नवीनगर सीमा पर राज्य सरकार व एनटीपीसी के संयुक्त रूप से लगायी जा रही बिजलीघर की सहयोगी कंपनी इंडवेल व पावर मैक का काम पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है. लगभग 20 दिनों से कंपनियों का निर्माण कार्य अवरुद्ध है. इन कंपनियों में कार्यरत मजदूर वेतन भुगतान समेत अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं.
गुरुवार को भी सैकड़ों की संख्या में मजदूर ब्यावलर नंबर एक के समीप धरने पर बैठे थे. इन मजदूरों की हक व अधिकार की लड़ाई लड़ रहे वरुण कुमार सिंह भी शामिल थे. वहीं पूर्व विधायक विजय कुमार उर्फ डब्ल्यू सिंह भी मजदूरों के समर्थन में उतर आये हैं. पूर्व विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है. मजदूरों के साथ कभी अन्याय नहीं होना चाहिए. परियोजना अधिकारियों की मनमानी किसी कीमत पर बरदाश्त नहीं की जायेगी.
कार्य ठप होने से मजदूरों के साथ-साथ आम जन व सरकार को भी परेशानी हो रही है. इसकी सारी जिम्मेवारी परियोजना प्रबंधन को जाती है. बंद से संबंधित एक ज्ञापन मजदूरों की ओर से वरुण कुमार सिंह द्वारा पूर्व विधायक को सौंपा गया. मजदूरों का कहना था कि कंपनी द्वारा न तो सरकारी दर पर निर्धारित मजदूरी दी जा रही है न ही सेफ्टी सुरक्षा हेतु जूता, ग्लब्स आदि ही मुहैया कराया जा रहा है. पिछले 20 दिनों से कार्य बंद होने व मजदूरी नहीं मिलने के कारण भूखे मरने की नौबत आ गयी है. इस पर सभी मजदूरों को पूरी तरह आश्वस्त करते हुए विजय कुमार सिंह ने उनका हक दिलाने के लिए परियोजना के सीइओ से मिलने की बात कही.
