औरंगाबाद : अपनी बेटी के साथ अभद्र व्यवहार व छेड़खानी का विरोध कर रहे शिवनंदन यादव नामक व्यक्ति को मारपीट के दौरान किसी ने गोली मार दी. घटना बुधवार को माली थाना क्षेत्र के पवइया गांव की है. गोली लगने के बाद जख्मी शिवनंदन को परिजनों द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने बताया कि शिवनंदन के बाये हाथ में गोली लगी है. हालांकि, गोली हाथ को जख्मी करते हुए निकल गयी. शिवनंदन ने गोली चलाने का आरोप राकेश सिंह नामक व्यक्ति पर लगाया है. उसने मीडिया कर्मियों को बताया कि उनकी बेटी बाजार करने अंबा गयी हुई थी.
तमसी-विशुनपुर मोड़ के समीप बुचन सिंह और प्रिंस सिंह नामक दो युवक उसके साथ छेड़खानी करने लगे और मोबाइल नंबर की मांग कर रहे थे. जब वह घर लौटी और पूरी बात बतायी तो दोनों से पूछताछ करने के लिए उसके घर गये,इसी बीच पहले मारपीट हुई, फिर राकेश सिंह ने गोली चला दी. शिवनंदन ने यह भी बताया कि उसके समीप तीन लोग आये थे और तीनों के हाथ में हथियार था. इधर माली थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है. उधर, राकेश सिंह को भी चोटें आयीं हैं, वह गोली चलाने से इन्कार किया है.
