सदर अस्पताल में मरीजों को नहीं मिल रहा कंबल

राष्ट्रीय मानवाधिकार की जिला इकाई ने सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण औरंगाबाद नगर : सदर अस्पताल आने वाले मरीजों का तो किसी तरह इलाज कर दिया जाता है, लेकिन उन्हें जरूरत अनुसार दवा नहीं दी जाती है. यहां तक इस कड़ाके की ठंड में भरती मरीजों को कंबल भी नहीं दिया जा रहा है. […]

राष्ट्रीय मानवाधिकार की जिला इकाई ने सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

औरंगाबाद नगर : सदर अस्पताल आने वाले मरीजों का तो किसी तरह इलाज कर दिया जाता है, लेकिन उन्हें जरूरत अनुसार दवा नहीं दी जाती है. यहां तक इस कड़ाके की ठंड में भरती मरीजों को कंबल भी नहीं दिया जा रहा है. किसी तरह मरीज व उनके परिजन कड़ाके की ठंड अस्पताल में गुजारने को विवश हैं. इसका खुलासा सोमवार की रात तब हुआ जब राष्ट्रीय मानवाधिकार की जिला इकाई ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान अस्पताल की विभिन्न समस्याओं को जाना. टीम के सदस्य रात के लगभग आठ बजे सदर अस्पताल पहुंचे और यह देखा कि महिला नर्स मरीजों की सेवा रात में करती हैं या नहीं.
सदस्य जब बच्चा वार्ड के समीप आशा कक्ष पहुंचे तो वहां एक नर्स से मुलाकात हुई. उससे अस्पताल की तरफ से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. नर्स ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि काफी भय के माहौल में काम करना पड़ता है. नर्स ने बताया कि सरकार द्वारा प्राप्त विशेष अधिकार की यहां खुलेआम अवहेलना की जा रही है.
नर्सों को न तो साप्ताहिक अवकाश दिया जाता है और न ही विशेष अवकाश. यदि कोई नर्स अपने अधिकार को लेकर आगे बढ़ने का प्रयास भी करती है तो उन्हें काफी प्रताड़ित किया जाता है. नर्स की बात को सदस्यों ने नोट कर उसे आयोग के प्रधान कार्यालय भेजने का आश्वासन दिया. टीम के सदस्यों ने ठंड के इस मौसम में किसी भी मरीज के पास इससे बचाव के लिए कंबल नहीं देखा. पूछने पर पता चला कि अस्पताल द्वारा किसी भी मरीज को कंबल नहीं दिया जाता है.
अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों की कमी देखी गयी. संगठन के प्रदेश महासचिव अभय कुमार वैद्य ने कहा कि अस्पताल जैसे-तैसे चल रहा है. यहां पर किसी प्रकार की कोई सुविधा नहीं है. इन सभी बातों को संगठन के प्रधान कार्यालय के साथ-साथ जिलाधिकारी को अवगत कराया जायेगा, ताकि मरीजों को सुविधा मिल सके. निरीक्षण के क्रम में राष्ट्रीय मानवाधिकार एजुकेशन सेल के प्रभारी कृष्णा शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष खान इमरोज, युवा प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष सिंह, आईटी सेल प्रभारी शशि कुमार, जिला संयोजक विकास सिंह, जिला उपाध्यक्ष नितिन सिंह, रवि कुमार, सचिव सोनू सिंह, अवतार राणा सनी शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >