दो जनवरी को खेत पटवन के लिए निकले थे सतर गांव के रहनेवाले अशोक कुमार सिंह
नवीनगर : प्रखंड के माली थाना क्षेत्र के सतर गांव निवासी 45 वर्षीय किसान अशोक कुमार सिंह की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी. किसान का शव गांव के बधार में कुछ दूरी पर स्थित शिवपुजन सिंह के पोखरा के किनारे झोपड़ी से शुक्रवार की दोपहर बरामद किया गया. हत्या की सूचना गांव के ही शिवपूजन सिंह तथा ग्रामीणों ने माली थाना पुलिस को दी. शिवपूजन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने खेत पर गये, तो पोखरा के पास झोपड़ी में अशोक कुमार सिंह का शव पड़ा हुआ था.
घटनास्थल से पुलिस ने 7.65 एमएम गोली का दो खोखा बरामद किया. मृतक के बायें कनपटी में गोली मारी गयी थी. मृतक अशोक कुमार सिंह के परिजनों ने बताया कि दो जनवरी की रात से खेत पटवन करने के दौरान से वह गायब थे. उनके मोबाइल पर परिजनों का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था. नवीनगर सर्किल इंस्पेक्टर अनंत राम एवं माली थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने कहा कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है. पोस्टमार्टम की कार्रवाई औरंगाबाद में पूरी करने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया. मृतक की पत्नी नीलू देवी से भी पूछताछ की जायेगी.
हत्या कहीं और कर शव झोंपड़ी में फेंका : किसान अशोक सिंह की हत्या के पीछे क्या कारण है, यह स्पष्ट नहीं सका है. लेकिन, चर्चा के पीछे पूर्व का चुनावी विवाद और जमीन संबंधित विवाद कहीं न कहीं सामने आ रहा है. मामला जो हो पुलिसिया छानबीन के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. पता चला है कि अशोक सिंह की हत्या के पीछे उनके दो अज्ञात दोस्त कारण बने हैं. परिजनों की मानें, तो दो जनवरी की शाम अशोक सिंह ने फोन कर घर में दो मित्रों के लिए खाना बनाने के लिए बात कही थी. रात्रि में उन लोगों के साथ खाना भी खाया. इसके बाद से वे अचानक गायब हो गये. इधर, झोपड़ी में शव भले ही बरामद किया गया है, पर खून के निशान गांव के वीरकुंवर बाबा के मंदिर तक होने का पता चला है. यानी कि हत्या कहीं और कर शव झोपड़ी में फेंक दिया गया .घटना के बाद अशोक की पत्नी निरू देवी, मां मुखराज कुंवर, बेटा शिवमनी कुमार, बेटी मधुमनी कुमारी और छोटा बेटा अमरमनी कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजन बिलखते हुए पुलिस से इंसाफ की गुहार लगा रहे थे.
