सीआरपीएफ की ओर से सिलाई प्रशिक्षण का शुभारंभ
अंबा : नक्सल प्रभावित क्षेत्र में युवकों को शिक्षित बनाने उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए प्रशासन की ओर लगातार पहल की जा रही है. मंगलवार को सीआरपीएफ 153 वीं बटालियन के भलुआही कैंप द्वारा भलुआही गांव में सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया.
10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन द्वितीय कमान अधिकारी सीएन राजीव कुमार व सहायक कमांडेंट वैभव सिसोदिया ने किया. उद्घाटन सभा को संबोधित करते हुए द्वितीय कमान अधिकारी ने कहा कि नक्सलग्रस्त क्षेत्र की छात्राओं एवं महिलाओं के पिछड़ेपन दूर करने के लिए यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है. गरीब मजदूर का जीवन स्तर उठाने के लिए विभिन्न आयामों से जोड़ कर उन्हें शक्तिशाली बनाने का काम सीआरपीएफ कर रही है.
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण संपन्न होने के बाद सभी युवतियों को सिलाई मशीन देकर सम्मानित किया जायेगा. वैभव सिसोदिया ने कहा कि हमें नक्सलवाद खत्म करने के पूर्व लोगों के जीवन स्तर को उठाना आवश्यक होगा. सेना तथा सीआरपीएफ समेत तमाम एजेंसियां चाहती हैं कि नक्सलवाद के साये में गरीबी की जंग लड़ रही महिलाएं युवाओं को रोजगार का अवसर दिला कर उन्हें सशक्त बनाया जाये. युवा वर्ग विभिन्न तरह के प्रशिक्षण प्राप्त कर जब रोजगार से जुड़ेंगे तो नक्सल का खात्मा होगा.
शिविर में अनारवन सलइया की रजंती देवी, प्रेमलता देवी, शांति देवी, सुगन देवी व जवाहिर देवी, बहादुरडीह की मीना देवी, विशुनपुर की निधि, कलावती व रंजू कुमारी, चौरिया की मोजीफन बेगम, भलुआही की किरण, चंदा की आरती, बूढा-बूढी की लालमतिया देवी, दुलारे की सुनीता, पार्वती, बनुआं की कुन्ती कुंवर, आरना की मुन्नी देवी, गोलहा की सुड्डी कुमारी, बालूगंज की इमरावती देवी, चंचला कुमारी तथा चौरिया की संगीता कुमारी प्रशिक्षण में भाग ले रही है.प्रशिक्षक सीआरपीएफ के तरूण कुमार सभी महिलाओं को सिलाई के गुर सिखा रहे हैं. 10 दिवसीय इस प्रशिक्षण में 25 महिलाएं भाग ले रही हैं.
