हसपुरा. उत्तर प्रदेश मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना से आयी एसआई मुनेन्द्र पाल, एएसआई जयपाल सिंह ने ईटवां गांव निवासी को असलम को गिरफ्तार किया है. इस गिरफ्तारी में हसपुरा थाने की पुलिस ने भी सहयोग किया. मुरादाबद पुिलस ने बताया कि उसके खिलाफ अपहरण व यौन शोषण के मामले में कोर्ट से कुर्की वारंट निर्गत था. पुलिस को असलम की काफी दिनों से तलाश थी. सूचना मिली की वारंटी बिहार में अपने गांव में रहता है.
उसे हसपुरा पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया गया है. हसपुरा थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि मुरादाबाद से आयी पुलिस असलम को ले गई. असलम के बारे में बताया जाता है कि दिल्ली में निजी कंपनी में काम करता था. मुरादाबाद के डिलारी गांव के इस्लाम मियां की लड़की शाहजहां से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था.
उसके बाद 18 अगस्त 2013 में दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में शादी हुई थी. उस समय लड़की के पिता ने बिहारी के साथ शादी की खिलाफत करते हुए असलम के खिलाफ अपहरण व यौन शोषण का मामला दर्ज कराया था, जिसमें आठ माह तक असलम जेल में था. जेल से जमानत पर निकला था, लेकिन मुकदमा में कभी उपस्थित नहीं हुआ. नतीजतन कोर्ट से कुर्की वारंट जारी हो गया और पुलिस उसे गिरफ्तार कर मुरादाबाद ले गयी. हालांकि लड़की की दूसरी शादी उसके माता-पिता ने कर दी है.
