औरंगाबाद नगर : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार इंटर मीडिएट सेंटप परीक्षा जिला मुख्यालय के विभिन्न कॉलेजों में मंगलवार से आयोजित होगा. यह परीक्षा 14 से 20 नवंबर तक दो पालियों में आयोजित होगी.
परीक्षा में किसी भी तरह का कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और सेंटप परीक्षा पास करने वाले ही परीक्षार्थी इंटर के मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा में अनुपस्थित रहनेवाले विद्यार्थी मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं होंगे. इस बारे में सच्चिदानंद सिन्हा महाविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डाॅ विजय सिंह ने कहा कि यह परीक्षा आगामी मुख्य परीक्षा का एक प्रारूप है. इसके आधार पर विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए तैयार किया जाता है.
महाविद्यालय में विभिन्न संकायों से 1900 विद्यार्थियों की परीक्षा ली जायेगी. इसे देखते हुए महाविद्यालय ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है. किसी भी विद्यार्थी को परीक्षा में कोई असुविधा न हो, इसके लिए महाविद्यालय परिसर में आवश्यक सूचनाएं लगायी गयी हैं, ताकि विद्यार्थी अपने निर्धारित स्थान पर बैठ कर परीक्षा दे सकें. परीक्षा शुरू होने से एक दिन पूर्व ही सभी कर्मियों को परीक्षा संबंधी जानकारियां दी गयी है.
परीक्षा दो पालियों में संपन्न करायी जायेगी. प्रथम पाली की परीक्षा सुबह साढ़े नौ से लेकर 12.45 बजे तक होगी. जबकि, द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर एक से शाम 4.15 बजे तक होगी. बैठक में महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डाॅ अमित मिश्रा, कॉमर्स प्रो अनिल कुमार सिंह, डाॅ नागेंद्र कुमार सिंह, प्रो आकाश कुमार, प्रो भीम बहादुर, प्रो अमित कुमार, प्रो अक्षय कुमार, प्रो विकास कुमार, प्रो राजीव रंजन, प्रो सुमित सिंह व प्रशाखा पदाधिकारी शक्ति सिंह, सचिव मनोज कुमार सिंह सहित सभी कर्मी उपस्थित थे.
