पोला गांव के समीप हादसे में तेलहारा के अनिल सिंह व बैराव के अरुण की मौत
औरंगाबाद कार्यालय : अंबा-हरिहरगंज रोड में पोला गांव के समीप ट्रक और बाइक की टक्कर में तेलहारा गांव के जगदीश सिंह के पुत्र अनिल सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बैराव गांव के अरुण सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गये. इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गयी.
घटना मंगलवार की देर शाम की है.
पता चला कि अरुण और अनिल दोनों बाइक पर बैठकर हरिहरगंज से वापस अंबा लौट रहे थे .इसी क्रम में एक ट्रक की चपेट में दोनों आ गये.अनिल की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना पाकर कुटुंबा प्रमुख धर्मेंद्र कुमार , तेलहारा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि आकाश कुमार व कुछ अन्य लोगों के सहयोग से घायल अरुण को रेफरल अस्पताल कुटुंबा से इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद लाया गया.
सदर अस्पताल में ड्यूटी पर कार्यरत डॉ अशोक दुबे ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया. जानकारी मिली कि साथ में रहे लोग अरुण को मेडिकल कॉलेज जमुहार ले गये. बाद में उनकी भी मौत हो गयी.
