स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
औरंगाबाद नगर. जिला कायस्थ महासभा की महिला समिति ने महिलाओं-बच्चों के बीच हुनर तलाशने और उनके बीच स्वस्थ व शिक्षाप्रद प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत करने के लिए अभियान चलाने तथा कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है.
इस आशय का निर्णय रविवार की रात सत्येंद्र नगर स्थित संजना किशोर के आवास पर महिला समिति की अध्यक्ष डाॅ शीला वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया. बैठक को संबोधित करते हुए डाॅ शीला वर्मा ने कहा कि प्रत्येक महिला और बच्चों में किसी न किसी तरह की हुनर होती है, जिसे उभारने तथा तराशने की जरूरत है. हुनरमंद महिलाएं स्वरोजगार को विकसित कर आत्मनिर्भर भी हो सकती हैं.
इससे कला क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि समिति इस वर्ष बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को किसी एक सरकारी विद्यालय के बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री, ऊनी टोपी और अन्य वस्तुओं का वितरण करेगी तथा उनके साथ मिल कर बाल दिवस मनायेगी. यह कार्यक्रम मुख्य रूप से जरूरतमंद बच्चों पर केंद्रित रहेगा.
डाॅ वर्मा ने कहा कि जाड़े के मौसम में कायस्थ महासभा की महिला समिति वैसे असहाय लोगों के बीच कंबल, ऊनी कपड़े, चादर आदि का वितरण करेगी. बैठक में कामिनी वर्ष, सलोनी अम्बष्ट, संजना किशोर, निभा सिन्हा, श्वेता वर्मा, पुष्पा कुमारी, नीलम सिन्हा, बबीता कुमारी, वर्त्तिका सिन्हा, रूबी कुमारी सिन्हा, रश्मि सिन्हा, सारिका सिन्हा, पुष्पा सिन्हा, इन्दु सिन्हा, मीना देवी, पल्लवी प्रिया, नेहा वर्मा आदि ने भाग लिया.
