संत जेवियर स्कूल के प्रिंसिपल से मिल कर अभिभावकों ने जताया विरोध
प्राचार्य ने एक सप्ताह के अंदर व्यवस्था सुधारने का दिया आश्वासन
औरंगाबाद कार्यालय : शहर के निजी विद्यालय बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं. सच कहा जाये, तो स्कूल प्रबंधन सुरक्षा मानकों का ख्याल नहीं पाता़ अभी तीन दिन पूर्व संत जेवियर स्कूल के नाबालिग चालक की वजह से बच्चों की जान पर बन आयी थी़
वैसे लगातार मिल रही शिकायतें अभिभावकों को परेशान कर रही थी़ इसी मसले को लेकर सोमवार की सुबह कुछ अभिभावक विद्यालय पहुंचे और हंगामा करते हुए प्राचार्य एसके श्रीवास्तव से शिकायत दर्ज करायी.
अभिभावक अमरेश कुमार सिंह, रविशंकर सिंह, अशोक मिश्रा, अभिमन्यु सिंह, सुरज राय, विपिन कुमार सिंह, मुन्ना सिंह, संजीव कुमार, बबलू कुमार, मुन्नू कुमार, संजय गुप्ता, चंदन सिंह ने बताया कि विद्यालय की व्यवस्था से क्षुब्ध हैं. सुरक्षा नियमों का अनुपालन नहीं होने से विद्यालय द्वारा चलाएं जा रहे बसों के परिचालन में लापरवाही बरती जा रही है़
गुरुवार को विद्यालय की टाटा मैजिक वाहन एक ऑटो के साथ एनएच दो पर दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बची, जो मैजिक चालक चला रहा था, वह चालक भी नाबालिग था़ हालांकि प्राचार्य के सामने बातचीत के दौरान चालक ने मीडियाकर्मियों के समक्ष अपनी उम्र 18 वर्ष बतायी भी़ अभिभावकों ने प्राचार्य के सामने सुरक्षा-व्यवस्था समेत पांच मांगें रखीं. प्राचार्य ने इसे एक सप्ताह में लागू करने का आश्वासन दिया.
