जनता दरबार में एसपी ने कई लोगों की सुनीं फरियादें
औरंगाबाद नगर : गुरुवार को पुलिस अधीक्षक डाॅ सत्य प्रकाश ने जनता दरबार लगा कर लोगों की फरियाद सुनी. इस जनता दरबार में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पोखराहा गांव से पहुंची महिला अमृता कुमारी ने कहा की मेरी शादी धर्मेंद्र सिंह के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता रहा. इसके बाद बाद मारपीट कर घर से निकल दिया है. इसी थाना क्षेत्र के कुशी गांव से पहुंचे दिनेश यादव ने कहा की अपनी बेटी की शादी कुरम्हा गांव में दो लाख 65 हजार में तय की थी, लेकिन पैसा लेने के बाद अब शादी नहीं करने के लिए बोल रहा है. जम्होर थाना के तमोली गांव से पहुंची एक महिला ने कहा कि उसकी शादी भोजपुर जिले के सहार में हुई है. उसके पति का एक महिला से अवैध संबंध है, जिसके कारण घर से मारपीट कर निकल दिया.
उपहारा थाना के बनरा गांव से पहुंचे श्रवण पासवान ने शिकायत किया कि चापाकल पर सफाई कर रहे थे, तभी हथियारा पंचायत के मुखिया विनोद कुमार ने मेरे साथ मारपीट की. एसपी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच कर कार्रवाई करने की बात कही. वही एसपी ने कहा की जिले में जितने भी बाल विवाह व दहेज अधिनियम के तहत कांड दर्ज हुए हैं, उन सभी मामलों की समीक्षा फिर से की जायेगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. हर हाल में इस प्रथा को जड़ से समाप्त करना है. इसके लिए सभी थानाध्यक्षो को रेकड़ तैयार करने का निर्देश दिया है. इसके अलावे जनता दरबार में पहुंचे पुलिस अधिकारियो के साथ बैठक भी की और अपराध नियंत्रण पर नियंत्रण पाने का निर्देश दिया.
