केंद्र सरकार ने रोजगार देने के बजाय छीनने का किया काम
नीतीश कुमार ने दिया है 11 करोड़ जनता को धोखा
औरंगाबाद नगर : राज्यसभा सांसद व जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव बुधवार को औरंगाबाद पहुंचे. उन्होंने चतरा गांव में एक सभा को संबोधित किया. इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वह जम कर बरसे.
शरद ने कहा कि 70 वर्षों में पहली बार बिहार की जनता का विश्वास टूटते हुए उन्होंने देखा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महागठबंधन नहीं तोड़े हैं, उन्होंने बिहार की 11 करोड़ जनता के विश्वास को तोड़ने का काम किया है.
बिहार की जनता ने महागठबंधन को पांच वर्ष के लिए सत्ता दी थी, लेकिन एक ही रात में नीतीश कुमार गठबंधन तोड़ कर बीजेपी के साथ शामिल हो गये और सत्ता में काबिज हो गये. उन्होंने कहा कि संविधान में तो यह सरकार बन गयी, लेकिन जनता के वोट और इमान का छल-कपट किया है.
बिहार में भ्रष्टाचार, अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है. भागलपुर में करोड़ों रुपये का सृजन घोटाला हुआ. इसकी जांच नीतीश कुमार नहीं करा रहे हैं, क्योंकि इसमें उनकी संलिप्तता है. श्री यादव ने आगे कहा कि भागलपुर में करोड़ों रुपये की लागत से बांध का निर्माण कराया गया था.
मुख्यमंत्री उद्घाटन करने के लिए जानेवाले थे, लेकिन वह बांध एक दिन पहले ही टूट कर पानी में बह गया. बिहार की जनता उन्हें माफ करनेवाली नहीं है. दो साल बाद चुनाव होनेवाला है. इसमें नीतीश कुमार का कोई वजूद नहीं बचेगा, क्योंकि जनता की धरोहर को तोड़ने का काम किया है.
जब वे चुनाव में वोट मांगने के लिए आयेंगे, तो उन्हें झाड़ू से सफाई कर देंगे. शरद यादव ने कहा कि चुनाव के वक्त दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था. लेकिन इस सरकार ने जो लोग रोजगार में लगे हुए थे, वैसे तीन करोड़ लोगों के रोजगार से वंचित कर दिया.
जीएसटी से छोटे दुकानदारों का व्यवसाय चौपट : जीएसटी लागू कर छोटे-छोटे दुकानदारों के व्यवसाय को चौपट करने का काम किया है. गाय के नाम पर लोगों को मार रहे हैं. मुसलमान के नाम पर देश को बांटने का काम कर रहे हैं.
शरद यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान में इस पार्टी की 18 राज्यों में सरकार है, लेकिन जनता से किये गये वादे अभी तक पूरे नहीं किये जा सके हैं. इस मौके पर पूर्व मंत्री रमई राम, अनवर अली, अरुण राय, राजद जिलाध्यक्ष कौलेश्वर प्रसाद यादव, पूर्व विधायक भीम कुमार, पूर्व मंत्री डाॅ सुरेश पासवान, जिला पार्षद शशिभूषण शर्मा, जिप अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय यादव, मुन्ना अजीज, भूपेंद्र यादव, उदय उज्जवल, प्रमोद सिंह सहित अन्य लोग शामिल थे.
इसके अलावे शिवगंज में राजद के वरिष्ठ नेता डाॅ गुप्तेश्वर प्रसाद यादव के नेतृत्व में शरद यादव का भव्य स्वागत किया गया. इधर, बारुण प्रतिनिधि के अनुसार, बारुण केशव मोड़ पर भी शरद यादव ने एक सभा को संबोधित िकया. इस सभा में पूर्व विधायक भीम यादव, पैक्स अध्यक्ष उपेंद्र यादव, पूर्व मुखिया डाॅ चंदन कुमार सिंह के साथ सैकड़ों लोग उपस्थित रहे.
