ड्यूटी छोड़ कर घर जाने पर भेजा जायेगा सेवानिवृत्ति का प्रस्ताव
औरंगाबाद नगर : मंगलवार को दुर्गापूजा व मुहर्रम पर्व को लेकर जिलाधिकारी कंवल तनुज व पुलिस अधीक्षक डाॅ सत्य प्रकाश ने दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के साथ बैठक की.
बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बिना लाइसेंस के न तो पंडाल में मूर्तियां स्थापित की जायेंगी और न ही किसी प्रकार का कोई जुलूस निकलेगा. जांच में पाया गया कि बिना लाइसेंस के मूर्ति स्थापित की गयी है और जुलूस निकाली गया है, तो संबंधित पदाधिकारी पर कार्रवाई की जायेगी. जिलाधिकारी ने कहा कि सबके लिए नियम बना हुआ है.
क्षेत्र में किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना हो, तो तुरंत सूचना दें. हर हाल में पदाधिकारी ड्यूटी पर कायम रहेंगे.जांच में गायब रहने पर सीधे तौर पर कार्रवाई की जायेगी. हर बार त्योहार में कुछ पदाधिकारी पेट खराब होने का बहाना बना कर घर चले जाते हैं, वह इस बार नहीं चलेगा. पकड़े जाने पर गायब पदाधिकारियों की सेवानिवृत्ति का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेज दिया जायेगा. अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कल से आपकी ड्यूटी लग रही है.
इस दौरान आपका मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं रहना चाहिए.यदि मोबाइल बंद पाया गया यह माना जायेगा कि आप ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हैं. यह जिम्मेदारी पदाधिकारियों की बनती है कि किस तरीके से मोबाइल की बैटरी चार्ज रहेगी.
उन्होंने कहा कि औरंगाबाद जिले में पूर्ण रूप से डीजे प्रतिबंधित है. किसी भी परिस्थिति में डीजे नहीं बजेगा. इसके लिए पूरे जिले में धारा 144 लागू करने का निर्देश एसडीओ को दिया और कहा कि जो लोग डीजे बजाते हुए पकड़े जायेंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. डीजे मशीन को भी जब्त कर लिया जायेगा. जबरन चंदा वसूली पर रोक, मेडिकल व्यवस्था, अग्निशमन समेत अन्य मुद्दों पर भी डीएम ने जरूरी निर्देश दिये
.
पुलिस अधीक्षक डाॅ सत्य प्रकाश ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान जिले की सभी पटाखा दुकानें बंद रहेंगी. धार्मिक भावना को भड़कानेवाले संबंधित व्यक्तियों को चिह्नित करते हुए उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि जिले में किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो सके.
बैठक में सदर मंडल पदाधिकारी सुरेंद्र प्रसाद, एसडीपीओ पीएन साहू, संजय कुमार, वरीय उपसमाहर्ता मुकेश कुमार मुकुल, एएसपी अभियान राजेश कुमार सिंह के अलावे अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
