डुमरी महादलित टोले में जाकर दिया सफाई का संदेश
फेसर व इब्राहिमपुर पंचायत के कई गांवों में पूर्व मंत्री के नेतृत्व में बांटी गयीं मिठाइयां
औरंगाबाद कार्यालय : भाजपाइयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कई कार्यक्रम आयोजित किये. औरंगाबाद के सांसद सुशील कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन अति नक्सलग्रस्त क्षेत्र में डुमरी महादलित टोला में महादलित परिवारों के साथ मनाया. सांसद ने महादलित बच्चों के साथ केक काटे और फिर बारी-बारी से उनके मुंह में खिला कर खुशियां बांटीं.
सांसद ने कहा कि हम ऐसे महापुरुष का जन्मदिन मना रहे हैं, जो अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए जीता है. गरीब परिवार में जन्मे हमारे नेता व प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी काफी कठिनाइयों का सामना करते हुए प्रधानमंत्री बन कर गरीबों के साथ-साथ किसानों, मजदूरों और देश के लिए अपना सब कुछ नाम कर दिया है.
जन्मदिन मनाने के बाद सांसद ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत महादलित परिवारों के साथ टोले की साफ -सफाई की और रामजी भुइंया के घर चाय भी पी. उनके साथ देव के उपप्रमुख मनीष कुमार भी मौजूद थे.
पूर्व मंत्री ने नाली सफाई कर स्वच्छता का दिया संदेश : पंडित दीनदयाल उपाध्याय शताब्दी वर्ष व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर सूबे के पूर्व मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता रामाधार सिंह ने फेसर व इब्राहिमपुर पंचायत के कई गांवों में नालियों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया.
पूर्व मंत्री के साथ रहे कार्यकर्ताओं ने पहले गली-गली झाड़ू लगायी, फिर बजबजाती नालियों को अपने हाथों से साफ कर गांववालों को बताया कि साफ-सफाई से ही मन और हृदय चंगा रह सकता है. इस मौके पर मिठाइयां भी बांटीं गयीं.
पूर्व मंत्री रामाधार ने कहा कि नरेंद्र भाई मोदी देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के साथ-साथ विश्व के सबसे ईमानदार और पावरफुल नेताओं में एक हैं. पूरा देश उन पर गर्व की अनुभूति करता है. इस मौके पर किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामरूप सिंह, प्रमोद सिंह, रमेश सिंह, अरुण सिंह आदि मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान ही इब्राहिमपुर पंचायत समिति सदस्य नरेंद्र पासवान ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की.
एमएलसी ने कार्यकर्ताओं साथ लगाया झाड़ू : साफ -सफाई और स्वच्छता हमारी दिनचर्या में शामिल होना चाहिए और यह तभी संभव है, जब हम खुद एक आदत बनाएं और फिर दूसरों को सफाई के प्रति अपनी आदत से उन्हें जोड़ कर जागरूकता फैलाएं.
ये बातें भाजपा नेता व विधान पार्षद राजन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं. उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में स्वच्छ भारत अभियान ने आम लोगों में स्वच्छता के प्रति जुनून पैदा किया है.
जरूरत है जुनून को बरकरार रखने की. कार्यक्रम के दौरान एमएलसी कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों के साथ दानी बिगहा में घूम-घूम कर गलियों और सड़कों की सफाई की. एक साथ कुछ लोगों के साथ झाड़ू लेकर जैसे ही एमएलसी राजन सड़क पर उतरे और सफाई प्रारंभ की, वैसे ही आम लोग भी भारी संख्या में शामिल हो गये. सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वच्छता पर ध्यान देंगे.
