बारुण सीएचसी में सामान्य तरीके से हुआ प्रसव
परिजनों ने की अस्पताल प्रबंधन की तारीफ
बारुण : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को एक मां ने तीन बच्चों को जन्म दिया. तीनों बच्चे स्वस्थ हैं. बताया गया कि प्रखंड के तेतरहड़ निवासी दीपक पासवान की पत्नी रिंकी देवी को सोमवार के अहले सुबह प्रसव पीड़ा हुई. परिजनों ने उसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भरती किया, जहां उसने सामान्य प्रसव से तीन बेटों को जन्म दिया.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डाॅ धर्मेंद्र कुमार, एएनएम फूलवंती व शमीमा बानो ने सामान्य प्रसव कराया. डॉक्टर के अनुसार तीनों बच्चे व मां पूरी तरह से स्वस्थ हैं. डॉ धर्मेंद्र कुमार की मानें, तो यह अपने आप में बहुत रेयर केस है. खुशी की बात है कि एक साथ एक ही मां की गर्भ से जन्म लेनेवाले तीनों नवजात शारीरिक दृष्टि से स्वस्थ हैं. प्रारंभिक जांच में भी उनमें किसी तरह की बीमारी के लक्षण भी नहीं मिले हैं. जुड़वा बच्चों की तरह तीन बच्चे का जन्म लेना लाखों में एक बार होता है.
इन बच्चों को देखने के लिए अस्पताल परिसर में हुजूम लग गया. पिता दीपक पासवान ने बताया कि उनके लिए खुशी तीन गुना बढ़ गयी. तीनों बच्चे सामान्य प्रसव से हुए है. उन्होंने कहा कि निजी नर्सिंग वाले ऑपरेशन की बात कह रहे थे, जिससे वह काफी सहमा हुआ था. लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर व एएनएम ने सामान्य प्रसव कराया. इसके लिए अस्पताल प्रबंधन की जितनी सराहना की जाये, कम है.
