रोटरी के उपलब्ध कराये वाहन को एसडीओ ने किया रवाना
रोटरी ही उठायेगा इलाज का पूरा खर्च
औरंगाबाद नगर : ह्रदय रोग से पीड़ित बच्चों को रविवार को स्क्रीनिंग के लिए गया रवाना किया गया. इन बच्चों के जाने के लिए वाहन का इंतजाम रोटरी औरंगाबाद ने किया था. अनुमंडल पदाधिकारी ने वाहन को गया के लिए रवाना किया. इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों के बच्चे थे. इन बच्चों के साथ रोटरी क्लब के अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, महमूद आलम, मरगूब आलम सचिव व कोषाध्यक्ष अविनाश प्रताप चौहान तथा अजीत चंद्रा भी गया के लिए रवाना हुए.
रोटरी के अधिकारियों के मुताबिक गया के अभय इंस्टीट्यूट एंड मेडिकल साइंस में सभी की स्क्रीनिंग हुई व औरंगाबाद रोटरी क्लब द्वारा आये सभी रोगियों का चयन फाइनल स्क्रीनिंग के लिए किया. यह स्क्रीनिंग 10 सितंबर को पटना के पीएमसीएच स्थित इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान में की जायेगी, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी भाग लेंगे. अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि अगर औरंगाबाद जिले के चार से 18 के और रोगी भी यहां मिलते हैं, तो उन्हें पुनः तीन सितंबर को गया में ही स्क्रीनिंग कराया जायेगा. यह जिले के गरीब रोगियों के लिए सुनहरा अवसर है. एक ऑपरेशन में ढाइ लाख से अधिक का खर्च आता है.
