उम्मीद. जीवा बिगहा-बालूगंज पथ के बहुरेंगे दिन
21 किमी लंबी सड़क का होना है निर्माण
विधायक राजेश कुमार ने सदन में उठायी थी मांग
अंबा : देव जीवा बिगहा-बालूगंज पथ का निर्माण सात करोड़ 38 लाख 84 हजार की लागत से होगा. ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा इसकी प्रशासनिक स्वीकृति मिल गयी है. विभाग के अपर सचिव संजय कुमार के पत्र के हवाला देते हुए इस आशय की जानकारी विधायक राजेश कुमार ने दी है. पत्र के माध्यम से उन्होंने बताया कि यह पथ 21.05 किमी लंबा होगा. जल्द ही, पथ निर्माण के लिए टेंडर की प्रकिया पूरी की जायेगी. विदित हो कि पथ की हालत काफी जर्जर हो गयी है. जीवा -बिगहा से बालूगंज के बीच रास्ते में बड़े-बड़े गड्ढे उभर आये हैं. इसको लेकर ग्रामीणों ने तीन अगस्त को दिन बालूगंज बाजार बंद कर प्रदर्शन भी किया था. विधायक ने दो दिसंबर 2016 को गैर सरकारी संकल्प के माध्यम से इस पथ का मुद्दा उठाया था. सदन में विधायक ने सड़क का निर्माण कराने की मांग सरकार से की थी.
उभर आये हैं बड़े गड्ढे : देव जीवा बिगहा- बालूगंज पथ की हालत वर्षों से काफी जर्जर हो है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आये हैं. इसके साथ ही कई जगहों पर सड़क का कटाव इस कदर हुआ है कि आवागमन करने में भी परेशानी होती है. लोग जान जोखिम में डाल कर इस पथ से यात्रा करते है.
नक्सलग्रस्त है यह क्षेत्र : देव प्रखंड का बालूगंज बाजार नक्सलग्रस्त क्षेत्र है. यह झारखंड प्रदेश का बॉर्डर एरिया है. जीवा बिगहा-बालूगंज सड़क 100 से अधिक गांव के लोगों का आवागमन होता है. इसके जर्जर होने से आवागमन में प्रभावित हो रहा है. इन गांवों में बालूगंज, सरगांव, डुमरा, बेढ़ना, बरंडा, रामपुर, बंदुआ, दुलारे डुमरी, कौरियाड़ी, नेयामतपुर, मलहारा, बैद्य विगहा आदि गांव का नाम शामिल है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चे व महिलाओं को हो रही है. सड़क निर्माण होने से इन गांव के लोगों को सबसे अधिक फायदा मिलेगा.
