समाज में स्वच्छता से लेकर शिक्षा व समाज को बदलने के लिए हर प्रकार का प्रयास करता है केंद्र
औरंगाबाद : नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में चल रहे स्वच्छता पखवारे के अंतर्गत औरंगाबाद प्रखंड के स्वामी विवेकानंद युवा क्लब फेसर, चित्रांश युवा क्लब नागा बिगहा, अवेंजर्स ऑफ कुशवाहानगर और आदर्श युवा क्लब, बांसेखाप द्वारा एनवाइसी सौरभ कुमार सिन्हा व प्रभात कुमार के नेतृत्व में फेसर स्टेशन परिसर पर सफाई अभियान चलाया गया.
इसमें स्टेशन प्रबंधक व नेहरू युवा केंद्र के महानिदेशक के नामित सदस्य सह जिला सलाहकार समिति सदस्य दीपक कुमार भी उपस्थित रहे. दीपक कुमार ने बताया कि नेहरू युवा केंद्र समाज में स्वच्छता से लेकर शिक्षा व समाज को बदलने के लिए हर प्रकार के प्रयास कार्यक्रमों के माध्यम से करता है.
इसके एनवाइसी जो दो साल के लिए चयनित होकर आते हैं, समाज में अपने प्रयास से प्रत्येक प्रकार के बदलाव लाने का प्रयास करते हैं. राष्ट्रीय युवा कोर सौरभ कुमार सिन्हा ने कहा कि विद्यालय परिसर, पब्लिक प्लेस, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, आंगनबाड़ी, ऐतिहासिक स्मारक, मंदिरों आदि में सफाई अभियान चलाया जा रहा है. यह अभियान 15 अगस्त तक चलाया जायेगा. साथ ही, औरंगाबाद के कई स्कूल परिसरों में सफाई अभियान के साथ-साथ पर्यावरण संवर्द्धन के लिए पौधारोपण का कार्यक्रम भी किया जा रहा है. इस अवसर पर अभिषेक तिवारी, सौरभ कुमार, प्रभात कुमार, ऋषभ दुबे, मोनू आदि उपस्थित थे.
स्वच्छता का दिया गया संदेश : दाउदनगर अनुमंडल. स्वच्छता पखवारा के तहत दाउदनगर बाज़ार समिति परिसर में नेहरू युवा केंद्र के बैनर तले स्वच्छता अभियान चलाया गया. संस्था से जुड़े लोगो ने स्वच्छता का संदेश दिया और कहा कि लोगों को इसके प्रति जागरूक करें.
लोगों की जागरूकता से ही यह अभियान सफल होगा,सरकार इस प्रयास में लगातार जुटी है. एक से 15 अगस्त तक नेहरू युवा केंद्र विभिन्न जगहों पर स्वच्छता अभियान चला रही है. इस मौके पर संतोष अमन, नीलम, मनोहर, अजीत कुमार, नेहरू क्लब सिन्दुआर, अशोक कुमार, सुशील कुमार, युवराज सिंह, डॉ महेश सिंह, दीपक कुमार, अजित, दीपक, जीके यादव, अजित दामोदर, अनुपम कुमारी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे. इन लोगों ने बाजार समिति परिसर में लोगों को जागरूक किया.
