औरंगाबाद कार्यालय : प्रख्यात चिकित्सक डाॅ शीला वर्मा ने कहा है कि मां का दूध नवजात बच्चों के लिए सर्वोत्तम आहार है. मंगलवार को विश्व स्तनपान सप्ताह शुरू होने के मौके पर अपने क्लिनिक में महिलाओं को स्तनपान की महत्ता बताते हुए डा वर्मा ने कहा कि नवजात बच्चों के लिए मां के दूध से बढ़ कर दूसरा कोई आहार नहीं है, क्योंकि स्तनपान के जरिये बच्चों को कई प्रकार के विटामिन तथा पोषक तत्व प्राप्त होते हैं.
उन्होंने कहा कि मां का दूध रोग प्रतिरोधक होता है और इससे कई प्रकार की बीमारियों से तुरंत बचाव होता है. डा वर्मा ने कहा कि मां को अपने बच्चे को दूध पिलाने से कभी भी इंकार नहीं करना चाहिए ,क्योंकि बच्चे को स्तनपान कराने से महिलाएं भी स्वस्थ रहती हैं.
उन्होंने कहा कि स्तनपान से मां को शारीरिक, मानसिक तथा मनोवैज्ञानिक फायदे होते हैं. इसके अलावा प्रसव के बाद रक्तस्त्राव में कमी, गर्भाश्य के अपनी जगह बैठ जाने, अतिरिक्त वजन में कमी, मोटापे का गलना तथा शीघ्र स्वस्थ होने जैसे फायदे मां को होते हैं.यह महिलाओं को स्तन तथा गर्भाशय कैंसर से भी बचाता है. जानी मानी चिकित्सिका डा वर्मा ने कहा कि हमेशा दोनों स्तनों का दुग्धपान कराएं.
