औरंगाबाद नगर. सोमवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पारसनाथ साहू ने समाहरणालय का निरीक्षण किया. इस दौरान समाहरणालय के सुरक्षा में कार्यरत कई पुलिस जवान गायब मिले.
इसके बाद उन्होंने ड्यूटी इंचार्ज को जम कर फटकार लगायी. वहीं पुलिस जवानों की सूची सौंपने का निर्देश दिया. सोमवार को भाकपा माले के कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर समाहरणालय के मुख्य द्वार को जाम कर धरना पर बैठे हुए थे. जब एसडीपीओ पीएन साहू पहुंचे, तो उस दौरान मात्र तीन पुलिस जवान ही मुख्य द्वार पर खड़े थे. कुछ देर बाद वहां पहुंचे ऑफिसर इंचार्ज भी इस संबंध में कोई जवाब नहीं दे सके. एसडीपीओ ने इस पर नाराजगी जतायी व कार्रवाई की चेतावनी दी.
