औरंगाबाद : पिछले शुक्रवार को जम्होर में स्वच्छता अभियान के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए कथित तौर पर डीएम की जुबान फिसलने से संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद लोग सड़क पर उतर गये़ बड़ी संख्या में डीएम के समर्थन में लोग सड़क पर उतरे. डीएम कंवल तनुज के समर्थन में लिखी टिप्पणियों वाली तख्तियां हाथ में लेकर मार्च करते हुए लोग रमेश चौक पहुंचे और धरना दिया. इनका आरोप था कि डीएम के बयान को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया है. लोगों ने वायरल हुए वीडियो की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की.
जिसके सवाल पर हुआ बवाल वह हुआ गायब : डीएम के खिलाफ पुलिस या किसी भी दूसरी एजेंसी के समक्ष कोई शिकायत नहीं आयी थी. जम्होर के जिस शौकीन के सवाल पर बवाल हुआ, वह भी संभवत: मीडिया के दबाव को देखते हुए कहीं गायब हो गया. हालांकि, एक टीवी चैनल को दिये एक बयान में उसने यह भी कहा कि जम्होर की सभा में डीएम ने उससे जो कहा, वह बात ठीक से वह समझ नहीं सका.
क्या है वायरल वीडियो में
पिछले रविवार को वायरल हुए वीडियो में कथित तौर पर डीएम को जम्होर की एक सभा में एक व्यक्ति को उसकी पत्नी को बेचने का सुझाव देते हुए सुना गया था. यह वीडियो शुक्रवार की एक सभा की है. इसमें शौचालय बनाने के लिए इस तरह की बात को कहते दिखाया गया है. वीडियो में दिखाया गया है कि एक व्यक्ति को डीएम समझा रहे हैं इसमें शौचालय के लिए पत्नी को बेचने की बात कह रहे हैं.
पूरी स्पीच सुनें, सब स्पष्ट हो जायेगा : डीएम
डीएम ने इस आरोप खारिज करते हुए कहा कि मेरी बात को तोड़ा-मरोड़ा गया है. पूरी स्पीच सुनने के बाद स्वत: स्पष्ट हो जायेगा कि उनके खिलाफ जो कुछ कहे होने का आरोप लग रहा है, वह गलत है. सोमवार की शाम को डीएम ने कहा कि शुक्रवार की सभा में उन्होंने किसी के लिए कोई गलत टिप्पणी नहीं की थी. उन्होंने कहा कि ऐसी बात मैं कभी कर ही नहीं सकता है़ आधी बात को सनसनीखेज बनाया गया है.
