बाजार में हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई यात्रा
निजी वाहनों के अलावा ट्रेन व बस से भी देवघर जा रहे श्रद्धालु
दाउदनगर अनुमंडल : सावन महीना में कांवरियों का बाबाधाम जाने का सिलसिला जारी है. बुधवार की सुबह भी दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय के भखरुआं गांव से कांवरिया बाबाधाम के लिए रवाना हुए. रवाना होनेवालों में श्रीनाथ तिवारी, नागेंद्र तिवारी उर्फ पप्पू, देव कांत तिवारी उर्फ गुड्डू, राजेश तिवारी, डाॅ रविंद्र तिवारी, रजनीश कुमार, नंदलाल तिवारी, पिंटू तिवारी, भीम चंद्रवंशी, दिलीप कुमार ठाकुर व भूषण कुमार शामिल हैं.
इन कांवरियों ने रवाना होने से पूर्व बाजार स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की. इन लोगों ने कहा कि वे लोग प्रत्येक वर्ष सावन महीने की शुरुआत में ही बाबा धाम जाते हैं और भगवान भोलेनाथ का दर्शन व पूजा पाठ करते हुए जलाभिषेक करते हैं. बाबा भोलेनाथ भक्तों की मनोकामना पूर्ण करते हैं. बाबा धाम जाने के बाद नई ऊर्जा की प्राप्ति होती है. वहां से बिना मांगे ही सब कुछ मिल जाता है.
देवघर(बाबा धाम) की धरती पर पहुंचना ही गौरवपूर्ण है. वहां से वापस लौटने के बाद फिर से अगला सावन का इंतजार बेसब्री से रहता है. दूसरी ओर प्रतिदिन कांवरियों का जत्था बाबा धाम के लिए दाउदनगर से रवाना हो रहा है. बोल बम के नारे के साथ कोई श्रद्धालु समूह में निजी वाहनों से तो कोई रेल सुविधा से बाबा धाम रवाना हो रहे हैं. काफी संख्या में श्रद्धालु देवकुंड भी जाकर बाबा दूधेश्वरनाथ की पूजा अर्चना कर रहे हैं.
