गलत जांच रिपोर्ट देनेवाले अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
रिपोर्ट का क्रॉस चेक करने का दिया आदेश
औरंगाबाद शहर : गुरुवार को मगध प्रमंडल आयुक्त जितेंद्र श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी कंवल तनुज व अन्य पदाधिकारियों के साथ दाउदनगर अनुमंडल के कई जनवितरण प्रणाली दुकानों का निरीक्षण किया, अनियमितता पायी और कार्रवाई का आदेश भी दिया.गोह प्रखंड के बाजार वर्मा पंचायत के महादलित टोला में डीलर अरुण सिंह की दुकान की जांच की गयी.
इस दौरान उपभोक्ताओं ने शिकायत किया कि डीलर द्वारा प्रत्येक माह खाद्यान्न नहीं दिया जाता है. कूपन व राशन कार्डभी अपने पास रख लेता है. निर्धारित दर से प्रति किलो एक रुपये अधिक लिया जाता है. उपभोक्ताओं की शिकायत पर आयुक्त ने डीएम के साथ डीलर के घर छापेमारी की, जहां से राशन कूपन बरामद हुआ. आयुक्त ने डीलर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. विभिन्न पंचायतों में बीडीओ, सीओ व एमओ की टीम द्वारा की गयी जांच और फिर जांच के बाद टीम द्वारा दिये गये जांच प्रतिवेदन का भी आयुक्त ने अवलोकन किया, लेकिन जांच प्रतिवेदन पर आयुक्त संतुष्ट नहीं हुए.
उन्होंने कहा कि प्रतिवेदन का क्रॉस जांच की जाये और अगर इसमें किसी तरह की लापरवाही या अनियमितता पायी गयी, तो जांच टीम में शामिल पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जायेगी.
आयुक्त ने दाउदनगर अनुमंडल कार्यालय का भी निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पाया कि विभिन्न कर्मियों द्वारा 12 लाख रुपया अग्रिम लिया गया है, जिस पर आयुक्त ने एसडीओ को रिकवरी का आदेश दिया. आयुक्त सैरात बंदोबस्ती पर गंभीर दिखे. उन्होंने कहा कि सैरात बंदोबस्ती में जो सुरक्षित राशि ली जाती है, वह गलत तरीके से नहीं ले. भूमि बंदोबस्ती पर ध्यान दें.
गरीबों को दी गयी भूमि उनके कब्जे में है या नहीं इसकी जांच की जाए. ईंट भट्ठा का सम परिवर्तन की स्थिति में राशि वसूली जाए. आयुक्त ने डीएम और एसडीओ को निर्देश दिया कि जन वितरण से जो अनाज गरीबों को मिलता है, उसकी मात्रा और दर दीवार पर अंकित किया जाए, खासकर महादलित टोलों में.सदर व दाउदनगर एसडीओ को निर्देश दिया कि डीलर एसोसिएशन के साथ बैठक कर उन्हें अनियमितता पर बात करे और स्पष्ट निर्देश दें कि डीलर अपने कार्यों में सुधार लायें, नहीं तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.आयुक्त ने कब्रिस्तान ,भूमि विवाद और सांप्रदायिक तनाव से संबंधित नामित लोगों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इधर दाउदनगर अनुमंडल में कमीशनर की कार्रवाई से पूरे दिन जन वितरण प्रणाली दुकानदारों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी रही.
