थाने में करने गया था पत्नी की शिकायत, पहुंचा हवालात
औरंगाबाद शहर के श्रीकृष्णनगर अहरी मुहल्ले का रहनेवाला है आरोपित
गया जिले के कोंच में प्रतिनियुक्त है धर्मेंद्र
दाउदनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार
दाउदनगर/औरंगाबाद : एसएसबी के एक जवान को पुलिस ने शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया है. मंगलवार की शाम एक व्यक्ति अपनी पत्नी की शिकायत लेकर दाउदनगर थान में पहुंचा. वह अपनी पत्नी पर कई किस्म के आरोप लगा रहा था. इसी दौरान पुलिसवालों ने उसके मुंह से शराब की गंध आने पर गिरफ्तार कर लिया. जांच में पता चला कि वह एसएसबी का जवान है.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार औरंगाबाद नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या आठ स्थित श्रीकृष्णनगर अहरी निवासी धर्मेंद्र कुमार की ससुराल दाउदनगर शहर के वार्ड संख्या तीन स्थित पुरानी शहर में है. मंगलवार की शाम वह दाउदनगर थाना परिसर में पहुंच कर अपनी पत्नी के बारे में गलत होने का आरोप लगाने लगा. वह बहकी-बहकी बातें कर रहा था.
बात करने के क्रम में धर्मेंद्र के मुंह से शराब की गंध आ रही थी. इस संबंध में दाउदनगर थाना की सब इंस्पेक्टर रानी पुष्पा द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में कहा गया है कि प्रतीत हुआ कि यह व्यक्ति शराब के नशे में है. पुलिसकर्मियों के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया. सब इंस्पेक्टर शौकत खान ने ब्रेथ एनेलाइजर से उसकी जांच की, तो उसकी सांस में अल्कोहल की मात्रा पायी गयी.
इसके बाद पीएचसी में उसकी चिकित्सीय जांच करायी गयी, तो चिकित्सकों ने भी उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि की. प्रभारी थानाध्यक्ष आशीष कुमार शाह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. आरोपित धर्मेंद्र एसएसबी का जवान है और गया जिले के कोच में प्रतिनियुक्त है.
