अरवल: सरकारी सड़क बदहाल तो ग्रामीणों ने संभाली कमान, श्रमदान से गड्ढे भरकर बना रहे रास्ता

प्रशासन की अनदेखी के बाद ग्रामीणों ने खुद पहल कर कच्ची सड़क की मरम्मत की। स्कूली बच्चों और राहगीरों को हो रही थी भारी परेशानी। जानें पूरी खबर।

Arwal News : अरवल जिले के करपी के नौरंगा से रामपुर चाय, भगवानपुर, प्रयाग बिगहा और मुड़ला बिगहा जाने वाली कच्ची सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. सड़क के उबड़-खाबड़ होने और जगह-जगह गड्ढे बन जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है. कीचड़ और जलजमाव के कारण लोगों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है.

स्कूली बच्चों से लेकर किसानों तक को परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं. स्कूली बच्चों, किसानों, मजदूरों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है. ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत की मांग की, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

ग्रामीणों ने खुद संभाली सड़क सुधार की जिम्मेदारी

आवागमन की समस्या को देखते हुए अब स्थानीय ग्रामीणों ने खुद पहल शुरू की है. लोग श्रमदान करने के साथ अपने खर्च से सड़क पर मिट्टी, ईंट और अन्य सामग्री डालकर गड्ढों को भर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें यह कदम उठाना पड़ रहा है, ताकि कम से कम लोगों का आवागमन बाधित न हो.

स्थायी सड़क निर्माण की मांग

ग्रामीण सोनू कुमार, रवि रंजन कुमार, कौशल कुमार समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का पक्कीकरण होने से बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी दूर होगी और पूरे वर्ष आवागमन सुचारु रह सकेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >