अरवल के करपी में बड़ा हादसा टला, बारिश के दौरान स्कूल भवन की छत ध्वस्त

Arwal News: अरवल जिले के करपी प्रखंड स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय कुदरासी में मंगलवार शाम बारिश के दौरान विद्यालय भवन की छत अचानक ढह गई. मॉर्निंग स्कूल होने की वजह से उस वक्त बच्चे परिसर में मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद ग्रामीणों ने भवन निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है.

Arwal News: अरवल जिले के करपी प्रखंड क्षेत्र स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय कुदरासी में मंगलवार की शाम प्रकृति के कहर और निर्माण की बदहाली का मंजर देखने को मिला. तेज गर्जना और मूसलाधार बारिश के दौरान विद्यालय भवन की सीढ़ी के ऊपर बना छत अचानक भरभराकर गिर पड़ा. गनीमत यह रही कि मॉर्निंग स्कूल होने के कारण उस वक्त विद्यालय बंद था, अन्यथा एक बड़ी त्रासदी हो सकती थी.

तेज गर्जना के साथ गिरा छत, सहम गए ग्रामीण

स्थानीय ग्रामीण प्रेम कुमार ने बताया कि मंगलवार की शाम अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज बिजली कड़कने के साथ बारिश शुरू हुई. इसी बीच विद्यालय से जोरदार आवाज आई. जब लोग मौके पर पहुँचे तो देखा कि सीढ़ी के ऊपर का छत पूरी तरह जमींदोज हो चुका है. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन को दी.

महज 5 साल में ही ढह गया निर्माण

इस घटना ने विद्यालय भवन निर्माण में बरती गई भारी अनियमितता की पोल खोल दी है. ग्रामीणों के अनुसार इस भवन का निर्माण महज पाँच वर्ष पूर्व कराया गया था. इतने कम समय में छत का गिरना निर्माण सामग्री की खराब गुणवत्ता को दर्शाता है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अगर स्कूल संचालन के समय यह हादसा होता, तो दर्जनों बच्चे इसकी चपेट में आ सकते थे.

जांच और मरम्मत की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में शिक्षा विभाग के प्रति भारी आक्रोश है. उन्होंने मांग की है कि पूरे विद्यालय भवन की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए. दोषी ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई हो. साथ ही विद्यालय की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि भविष्य में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. आगे ग्रामीणों ने कहा कि भवन की स्थिति देखकर लगता है कि निर्माण में भारी लापरवाही बरती गई है. हम शिक्षा विभाग से मांग करते हैं कि बच्चों के स्कूल आने से पहले इसे दुरुस्त किया जाए.

    प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

    लेखक के बारे में

    Published by: Aditya Kumar Ravi

    Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
    और पढ़ें
    Tags

    संबंधित खबरें >

    यह भी पढ़ें >