जहानाबाद नगर : समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में नोडल पदाधिकारी, आरटीपीएस रविशंकर प्रसाद की अध्यक्षता में आरटीपीएस एक बैठक का आयोजन किया गया.
बैठक में माननीय मुख्यमंत्री बिहार नीतीश कुमार के संभावित यात्रा को देखते हुए सभी आरटीपीएस केंद्र को सुव्यवस्थित करते हुए निर्देश दिया कि अपने-अपने केंद्र का आगर एवं निर्गत पंजी संधारण करने, नये सिरे से केंद्र का रंग-रोगन करने, सूचना पट्ट पर आरटीपीएस से संबंधित सेवाओं की सूचना स्पष्ट रूप से अंकित की जाये. उक्त बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लोक सेवा का अधिकार से संबंधित मामलों की समीक्षा की. जिसमें पया गया कि काको अंचल से दाखिल खारिज तथा एलपीसी का निष्पादन ससमय नहीं किया गया है, जिस पर निर्देश दिया गया कि सभी मामलों को ससमय निष्पादित किया जाय,
जिससे आम लोगों को सुविधा हो सके. सभी अंचलाधिकारी को निर्देश दिया गया कि दाखिल खारिज से संबंधित शुद्धि पत्र, दाखिल खारिज, अस्वीकृति की सूचना एवं भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र को ई ब्लॉक के वेबसाइट पर अपलोड करें. आइटी मैनेजर कृष्णा कुमार साहनी ने बताया कि 15 अगस्त 2011 से आज तक आरटीपीएस से संबंधित मामले का निष्पादन 97 प्रतिशत किया गया है, जिसमें 2374515 आवेदनों में आज तक 2321559 आवेदनों का निष्पादन किया गया है. बैठक में सभी आरटीपीएस प्रभारी पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, आइटी सहायक एवं कार्यपालक सहायक उपस्थित थे.
