जबरन गुलाल नहीं लगाएं, भावनाओं का रखें ध्यान : डीएम
होली में अशांति फैलानवालों पर करें कड़ी कार्रवाई : एसपी
अरवल ग्रामीण : समाहरणालय के सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी सतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में होली को शांतिपूर्ण माहौल व आपसी भाईचारा के साथ मनाने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक की गयी. इसमें कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा के बाद आवश्यक निर्णय लिया गया. बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि होली पर्व के दौरान किसी भी व्यक्ति के इच्छा के विरुद्ध रंग -गुलाल नहीं लगाये, वहीं किसी भी स्थान पर अश्लील होली गीत व डीजे बजाने पर रोक रहेगी.
कुछ व्यक्ति समाज में उपद्रव फैलाने का कार्य करते हैं, वैसे व्यक्ति पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया. सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को अपने -अपने कार्य क्षेत्र में प्रखंड स्तरीय शांति समिति की बैठक करने का निर्देश दिया गया. जिला क्षेत्र के विवादित स्थलों को चिह्नित कर उसका निदान ससमय करने का निर्देश भी दिया गया. साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को विवादित स्थल पर जाकर बुद्धिजीवियों के साथ बैठक कर समस्या का निदान करने के लिए पहल करने को कहा गया. वाहनों पर अश्लील एवं फूहड़ गीत बजाने वाले पर कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिया गया. बैठक में पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार मिश्र ने सभी थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि होली पर्व के अवसर पर उपद्रव करने वाले व्यक्ति पर विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई करें. जिले क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए सभी थानाध्यक्ष को अपने अपने क्षेत्र में असामाजिक तत्व पर पैनी नजर रखने के लिए निर्देश दिया गया.
उन्होंने समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों से शांति और भाईचारा कायम करने के लिए प्रशासन को मदद करने के लिए भी आह्वान किया. होलिका दहन के समय किसी भी प्रकार का विवाद न हो, इसके लिए समाज के प्रबुद्ध व बुद्धिजीवियों को आगे आकर कार्य करने के लिए आह्वान किया गया. जुम्मा के दिन होली रहने के कारण सभी थानाध्यक्ष व संबंधित कर्मी को अपने दायित्व को निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया.
साथ ही विवादित होलिका दहन स्थल पर पैनी नजर रखने का भी निर्देश दिया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त बिंदेश्वरी प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक अभियान अयोध्या सिंह, एसडीओ किरण सिंह, डीपीआरओ सत्येंद्र प्रसाद के अलावे सभी बीडीओ, थानाध्यक्ष एवं जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य शामिल थे.
