धान का बोरा चोरी करने के विवाद में दंपती समेत तीन को पीटा
चौरी थाना क्षेत्र के धनछुहां गांव में बुधवार की शाम हुई घटना
आरा.
चौरी थाना क्षेत्र के धनछुहां गांव में बुधवार की शाम धान का बोरा चोरी करने के विवाद में दंपती समेत तीन लोगों की जमकर पिटाई कर दी गयी. इससे तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया.
जानकारी के अनुसार घायलों में चौरी थाना क्षेत्र के धनछुहां गांव निवासी 55 वर्षीय गणेश रजक, उनकी 50 वर्षीया पत्नी इंदू देवी एवं 17 वर्षीय पुत्र विकास रजक शामिल हैं. इधर, गणेश रजक ने बताया कि चार-पांच दिन पूर्व उनके खलिहान से तीन बोझा धान चोरी हो गया था. मंगलवार की शाम जब वह खलिहान में गये, तभी कुछ लोग उनके चेहरे पर टॉर्च जलाने लगे. इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई. इसके बाद उक्त लोगों द्वारा उनकी जमकर पिटाई कर दी गयी. जब पत्नी इंदू देवी और बेटा विकास रजक बीच-बचाव करने गये, तो उक्त लोगों द्वारा उनकी भी पिटाई कर दी गयी, जिससे सभी गंभीर रूप से जख्मी हो गये. वहीं, दूसरी तरफ जख्मी गणेश रजक ने गांव के ही चार लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है.