कोईलवर.
कोईलवर-डोरीगंज फोरलेन पर चंदपुरा पेट्रोल पंप के समीप ओवरटेक करने के चक्कर में एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी व दो बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में चारों बाइक सवार बुरी तरह जख्मी हो गये, जिन्हें स्थानीय लोगों व राहगीरों के सहयोग से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोईलवर और इएसआइसी हॉस्पिटल बिहटा ले जाया गया. जहां बिहटा अस्पताल में एक बच्चे की मौत हो गयी. वहीं बाकी घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया. घायलों की पहचान कोईलवर थाना क्षेत्र के जमालपुर सहायनगर निवासी गणेश पांडेय उर्फ पंचदेव पांडेय उनकी पत्नी सुमन पांडेय और उनकी छह वर्षीय पुत्री आराध्या के रूप में की गयी है. वहीं मृतक जख्मी गणेश का पांच वर्षीय पुत्र सूर्या है. जख्मी गणेश पांडेय पेशे से वकील हैं और आरा सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं. घटना रविवार की दोपहर दो बजे के करीब की है. जख्मी गणेश पांडेय ने बताया कि वे आरा सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं. रविवार को वे अपने घर जमालपुर के सहायनगर से अपनी पत्नी व दो बच्चों को लेकर बाइक से बिहटा जा रहे थे. इसी बीच दोपहर दो बजे के करीब डोरीगंज-कोईलवर हाइवे पर वे घर से थोड़ी दूर आगे ही निकले ही थे कि बालू लदे एक ट्रक ने आगे चल रहे ट्रक से ओवरटेक करने के चक्कर में उनकी बाइक को रौंद दिया. इस घटना में बाइक सवार वे उनकी पत्नी और दोनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े जिसके बाद ट्रक उनकी बाइक पर चढ़ाते हुए भाग गया. इधर घटना के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर दौड़े भागे पहुंचे और घायलों में बाइक चला रहे गणेश पांडेय और उनकी पुत्री और पुत्र को जख्मी अवस्था में इएसआइसी अस्पताल बिहटा लेकर गये. जबकि उनकी पत्नी सुमन पांडेय को राहगीरों ने ऑटो से कोईलवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बुरी तरह जख्मी पांच वर्षीय पुत्र सूर्या को मृत घोषित कर दिया. जबकि बाकी अन्य को गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. इधर घटना की सूचना पर कोईलवर थानाध्यक्ष कोईलवर नरोतमचन्द्र अपर थानाध्यक्ष सुभाष कुमार मंडल दलबल के साथ कोईलवर अस्पताल पहुंचे जहां से गम्भीर रूप से जख्मी महिला को लेकर ईएसआईसी अस्पताल बिहटा पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार करा सबको बेहतर इलाज के लिए पटना भेजवाया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
