आरा
. आरा-सासाराम स्टेट हाइवे पर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव के समीप रविवार की दोपहर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक की मौत हो गयी. इलाज के दौरान सदर अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया. वहीं, बाइक पर बैठा मृतक का दोस्त गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जिसे सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार मृतक चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी गांव निवासी मकसूद आलम का 21 वर्षीय पुत्र साबिर अली है. जबकि जख्मी उसी गांव के निवासी शिवजी कुमार का 18 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार है. इधर, मृतक के परिजन ने बताया कि वे दोनों रविवार की दोपहर बाइक से घरेलू काम को लेकर आरा आ रहे थे. उसी दौरान कसाप गांव के समीप अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें इलाज के लिए गड़हनी पीएचसी ले जाया गया. सूचना पाकर परिजन वहां पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले आये, जहां इलाज के दौरान साबीर अली ने दम तोड़ दिया. जबकि जख्मी आदित्य कुमार को पटना रेफर कर दिया गया. बताया जाता है कि मृतक अपने तीन भाई व एक बहन में बड़ा था. उसके परिवार में मां नरगिस बेगम व दो भाई मोनू, दानिश एवं एक बहन हैं. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. घटना के बाद मृतक की मां नरगिस बेगम एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
