रुपये छीनकर कर भाग रहे अंतरजिला गिरोह के दो अपराधी गिरफ्तार
आरा
. चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी पुल के समीप मंगलवार को बैंक से घर जा रहे एक व्यक्ति से पैसे छीनकर भाग रहे अंतरजिला गिरोह के दो अपराधियों को पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से दबोच लिया. इस दौरान उनके पास से छिनतई के 10 हजार रुपये तथा लूट में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर लिया. इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज द्वारा बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गयी. गिरफ्तार अपराधियों में वैशाली जिले के सदर थाना अंतर्गत बिशुनपुर बालाधारी गांव निवासी राजू पांडेय का पुत्र अजूबा कुमार तथा इस जिले के करताहा थाना अंतर्गत घटारो चतुर्भुज गांव निवासी राजू पांडेय का पुत्र पिंटू कुमार पांडेय है. उनके पास से छीने हुए 10 हजार रुपये एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर लिया गया. उन्होंने बताया कि मंगलवार को चरपोखरी थाना क्षेत्र के चांदी गांव निवासी शंभू यादव गड़हनी बाजार स्थित एसबीआइ से 49 हजार रुपये की निकासी की थी, जिसमें से 39 हजार रुपये एक पॉकेट एवं 10 हजार रुपये दूसरे पॉकेट में रखा था. बैंक से निकलने के बाद जब वह ऑटो पकड़ने के लिए जा रहे थे, तभी बाइक पर सवार दो अपराधी आये और झपट्टा मार कर उनसे पैसा छिनकर भागने लगे. तभी पुलिस ने वहां मौजूद ग्रामीणों के सहयोग से दोनों को दबोच लिया. उनके पास से छीने गये 10 हजार रुपये नकद बरामद कर लिया गया. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अंतरजिला गिरोह के सदस्य हैं. गिरफ्तार सदस्य अजूबा कुमार एवं पिंटू कुमार पांडेय का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है. दोनों वैशाली (हाजीपुर) जिले में पैसा छिनतई एवं समस्तीपुर जिले में एनडीपीएस एक्ट मामले में आरोपित रहे हैं. पुलिस गिरफ्तार दोनों बदमाशों से गहन पूछताछ कर रही है एवं उनके नेटवर्क में शामिल अन्य सदस्यों को दबोचने में लगी हुई है..गिरफ्तार दोनों पर लूट की प्राथमिकी दर्ज की गयी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.