आरा.
गीधा थाना क्षेत्र के गीधा स्थित फैक्ट्री में लोहे से चोट लगने के कारण एक मजदूर की मौत हो गयी. इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी मची रही. जानकारी के अनुसार मृतक गीधा थाना क्षेत्र के जलपुरा (बीरमपुर) गांव निवासी स्व. स्नेही प्रसाद का 39 वर्षीय पुत्र अशोक स्नेही प्रसाद है. वह गीधा स्थित लोहा फैक्ट्री में ग्राइंडर चलाने का काम करता था. इधर मृतक के गांव के ही साथ फैक्ट्री में काम करने वाले पड़ोसी विनय कुमार ने बताया कि क्रेन से जब लोहा का कॉलम उठाया जा रहा था. इस दौरान क्रेन द्वारा जैसे ही लोहा का कॉलम जमीन पर रखा गया, तभी वहां पर रखा लोहा छटक कर अशोक के सिर व पैर पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद फैक्ट्री में मौजूद अन्य कर्मियों द्वारा उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने देख उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे. इसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना गीधा थाना पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवायी. बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी चंदा देवी, तीन पुत्री सीमा, सिमरन, इच्छा एवं एक पुत्र छोटू कुमार हैं. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. उसकी पत्नी चंदा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
