कमरे में फंदे से झूलता मिला युवा बीपीएससी शिक्षक का शव
परिजनों को दी गयी सूचना, मामले की जांच में जुटी पुलिस
पीरो.
स्थानीय थानान्तर्गत नगर के वार्ड 16 स्थित किराये के मकान में एक बीपीएससी के युवा शिक्षक का शव फंदे से लटका मिला है. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना के बाद शिक्षकों, छात्रों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गयी.
मृतक की पहचान सौरभ कुमार गुप्ता (25 वर्ष) के रूप में की गयी है, जो मध्य विद्यालय तार में बीपीएससी शिक्षक के रूप में पदस्थापित थे. सौरभ गुप्ता मूलरूप से उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के लालगंज बाजार निवासी मैकेलाल गुप्ता के पुत्र थे. वे पीरो नगर के नवीनगर में श्रीराम सिंह के मकान में किराये पर रहते थे और अपने अनुशासन व पढ़ाई के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे. सोमवार की सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक को अनहोनी की आशंका हुई. काफी आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने तत्काल पीरो थाने को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़ा गया तो कमरे में शिक्षक सौरभ का शव गमछे से बने फंदे से लटकता मिला. पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. घटना की सूचना मिलते ही शिक्षकों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी. सहयोगी शिक्षकों ने बताया कि सौरभ बेहद लगनशील थे. उन्हें केवल पढ़ाने और अपनी पढ़ाई से मतलब रहता था. वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और यूपी स्टेट की परीक्षा को लेकर गंभीर थे. स्कूल में भी उनका व्यवहार सरल और छात्रों के प्रति समर्पित था. परिजनों ने भी किसी पारिवारिक तनाव या विवाद की बात से साफ इंकार किया है. घटना की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिजन घर से रवाना हो चुके हैं और देर शाम तक पहुंचने की संभावना है. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है और कमरे से मिले सामान की भी जांच की जा रही है.