दो बाइक की सीधी भिड़ंत में रिटायर शिक्षक की मौत, पुत्र जख्मी
आरा.
बिहिया-बिहटा स्टेट हाइवे पर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के ओझवलिया मोड के समीप रविवार की देर शाम दो बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गयी. हादसे में एक बाइक पर सवार रिटायर शिक्षक की मौत हो गयी. इलाज के दौरान सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं, बाइक चला रहा उनका पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसका इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी मची रही. जानकारी के अनुसार मृतक पीरो थाना क्षेत्र के रामनाथ टोला निवासी स्व. रामानंद सिंह के 75 वर्षीय पुत्र सह रिटायर शिक्षक भोला सिंह है. वे पीरो प्रखंड के तार गांव में स्थित तार मध्य विद्यालय में शिक्षक के पद से वर्ष 2009 में रिटायर हुए थे. जबकि जख्मी 40 वर्षीय उनका पुत्र ब्रज किशोर सिंह शामिल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की देर शाम भोला सिंह अपने बेटे ब्रज किशोर सिंह के साथ बाइक द्वारा पीरो बाजार पर सब्जी खरीदने आये थे. इसके बाद जब दोनों वापस गांव लौट रहे थे. उसी दौरान ओझवलिया मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे बाइक सवार से सीधी भिड़ंत हो गयी, जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये. तब उन्हें इलाज के लिए पीरो पीएचसी से सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान भोला सिंह ने दम तोड़ दिया. सूचना पाकर पुलिस सदर अस्पताल पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम करवाया. जबकि जख्मी उनके पुत्र ब्रज किशोर सिंह का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी धर्मशीला देवी व चार पुत्र ब्रज किशोर सिंह, कृष्ण कुमार यादव, नागेंद्र प्रसाद सिंह एवं वीरेंद्र प्रसाद सिंह है. घटना के बाद मृतक के घर में रोना-धोना मच गया है. इस घटना के बाद मृतक की पत्नी धर्मशीला देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.