महुली गंगा घाट पर किशोरी के डूबने की खबर निकली अफवाह, बरामद

सिन्हा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए किशोरी को मध्य प्रदेश के सतना रेलवे स्टेशन से किया बरामद

बड़हरा.

प्रखंड अंतर्गत सिन्हा थाना क्षेत्र के महुली गंगा घाट पर किशोरी के डूबने की सोमवार को फैली खबर भ्रामक साबित हुई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए किशोरी को मध्य प्रदेश के सतना रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया. घटना के बाद परिजनों समेत पूरे इलाके में फैली चिंता देर रात समाप्त हो गयी.

जानकारी के अनुसार, कान्हा छपरा गांव निवासी चौकीदार दूधेश्वर यादव की 14 वर्षीया पुत्री संतोषी कुमारी सोमवार की सुबह स्नान करने महुली गंगा घाट गयी थी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे. खोजबीन के दौरान घाट किनारे किशोरी के कपड़े और चप्पल मिलने से उसके नदी में डूबने की आशंका जतायी गयी. इसके बाद सिन्हा थाने को सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया. एहतियातन एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया. एसडीआरएफ ने सुबह से देर शाम तक गंगा नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चला. इसी बीच देर रात थाना स्तर पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने किशोरी को मध्य प्रदेश के सतना रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया. इसके साथ ही गंगा में डूबने की खबर पूरी तरह अफवाह साबित हुई. एसडीआरएफ इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर दिनभर नदी में खोजबीन की गई, लेकिन बाद में किशोरी के सुरक्षित मिलने की पुष्टि होने पर अभियान समाप्त कर दिया गया. किशोरी की सकुशल बरामदगी से परिजनों ने राहत की सांस ली है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEVENDRA DUBEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >