बिहिया.
नगर पंचायत बिहिया स्थित महथिन मंदिर समेत प्रखंड के विभिन्न जगहों पर मौजूद अन्य मंदिरों में नववर्ष के पहले दिन गुरुवार को पूजा और मंगल कामना के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही. नगर स्थित महथिन मंदिर, दुर्गा मंदिर, हनुमान मंदिर में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने पूजा की और परिवार की खुशी की कामना की. वहीं, सुबह से ही खिली धूप के कारण महथिन मंदिर बिहिया में अहले सुबह से ही मां महथिन की पूजा व दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रही. महथिन मंदिर में बिहिया नगर के अलावा अन्य जगहों से पहुंचे लगभग 30 हजार से भी अधिक लोगों ने नववर्ष के प्रथम दिन अपना माथा टेका, प्रसाद चढ़ाया और नया वर्ष परिवार के लिए मंगलमय हो इसकी कामना की व आशीर्वाद मांगा. इस अवसर पर मंदिर कमेटी ने महथिन मंदिर को भव्य व आकर्षक रूप से सजाया था, जिससे हर तरफ उत्सवी माहौल नजर आया. मंदिर परिसर में स्थित पार्क में बच्चों की भारी भीड़ रही. बच्चे तरह-तरह के झूले का आनंद उठाते हुए नजर आये. वहीं मंदिर परिसर में कई सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था जहां सेल्फी लेने के लिए महिलाओं व युवा लड़के-लड़कियों में होड़ मची रही. मंदिर परिसर के बाहर भी तरह-तरह के झूले लगे हुए थे जहां झूले का आनंद लेने के लिए भीड़ उमड़ी रही. इससे पूर्व बुधवार की रात्रि में जैसे हीं 12 बजे, लोगों ने पटाखे छोड़कर व अन्य तरीकों से नये साल के आगमन का जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाईयां दीं. बुधवार की अर्धरात्रि से गुरुवार को देर शाम तक सोशल मीडिया पर भी बधाई देने सिलसिला चलता रहा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
