आरा.
शहर के टाउन थाना क्षेत्र के गौसगंज में गुरुवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने गैराज में लगी लग्जरी कार पर फायरिंग कर दी. हालांकि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ. घटना को लेकर आसपास के इलाके में सनसनी मच गयी. इधर, सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गये हैं. पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोखा बरामद किया. बताया जाता है कि गुरुवार की रात गौसगंज स्थित कमलेश सिंह के गैराज में लग्जरी वाहन लगा हुआ था. उसी दौरान हथियारबंद बदमाशों द्वारा फायरिंग कर दी गयी. घटना को अंजाम देकर बदमाश वहां से फरार हो गये. सूचना पाकर कमलेश सिंह वहां पहुंचे और उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी. हालांकि हथियारबंद बदमाशों द्वारा कमलेश सिंह के गैराज में लगे वाहन पर फायरिंग क्यों की गयी. इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. वहीं टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय ने बताया कि अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग की गयी है. घटनास्थल से गोली का एक पिलेट बरामद हुआ है. कमलेश सिंह द्वारा कोई आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन देने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
