जनता दरबार में एसपी ने लोगों की शिकायत सुन दिलाया भरोसा
त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारी को दिया आवश्यक दिशा निर्देश
By DEVENDRA DUBEY | Updated at :
आरा.
एसपी मिस्टर राज ने शुक्रवार को कृष्णगढ़ थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार सह भ्रमण कार्यक्रम में पहुंचे. जनता दरबार के दौरान एसपी के समक्ष बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे. इसमें सबसे अधिक मामले जमीन विवाद से संबंधित थे. इसके अलावे घरेलू विवाद एवं मारपीट से जुड़े मामलों की भी सुनवाई की गयी. जनता दरबार में काफी संख्या में महिलाएं भी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचीं, जिनकी समस्याओं को एसपी ने गंभीरता से सुना. एसपी द्वारा एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतों की सुनवाई की गयी और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये गये. कई मामलों का निष्पादन करते हुए कुछ विवादों को मौके पर ही सुलझा दिया गया, जिससे फरियादियों ने राहत की सांस ली. एसपी ने बताया जनता दरबार भ्रमण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस जनता संबंध को मजबूत करना और पुलिसिंग की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है. इस अवसर पर एसडीपीओ, थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की.