करेंट की चपेट में आने से शौच करने जा रहे किसान की गयी जान

इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में तोड़ा दम

आरा.

जिले के धोबहा थाना क्षेत्र के इजरी पिपरा गांव में रविवार की सुबह विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से शौच करने जा रहे युवा किसान की मौत हो गयी. इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा. जानकारी के अनुसार मृतक धोबहा थाना क्षेत्र के इजरी पिपरा गांव निवासी धनराज सिंह का 40 वर्षीय पुत्र राजेश सिंह है एवं वह पेशे से किसान था. इधर मृतक के भतीजे आनंद सिंह ने बताया कि रविवार की सुबह करीब सात बजे वह शौच करने के लिए बधार की ओर जा रहे थे, जहां रास्ते पर ट्रांसफाॅर्मर लगा हुआ है और लोग खेत में बिजली ले जाने के लिए ट्रांसफाॅर्मर में कई तार लगाये हुए हैं, जिसमें से एक तार टूटकर पहले से नीचे गिर पड़ा था. जाने के क्रम में वह उसी विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गये और गंभीर रूप से घायल हो गये. सूचना पाकर परिजन फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले आये, जहां चिकित्सक ने देख उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजन उनके शव को वापस गांव ले गये. इसके पश्चात परिजनों ने इसकी सूचना धोबहा थाना पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया. बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाई व तीन बहन में छोटे थे. उनके परिवार में मां धनिका देवी, पत्नी रेखा देवी व तीन पुत्र अंशु ,निखिल एवं अविनाश है. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. इस घटना के बाद मृतक की मां धनिका देवी, पत्नी रेखा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >