बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को मारी टक्कर, जख्मी

बिहिया रोड में हुई घटना, हादसे के बाद लोगों ने जाम की सड़क

पीरो. मंगलवार की दोपहर नो इंट्री के नियम की धज्जियां उड़ाते हुए बालू लदे एक ट्रक ने शहर के बिहिया रोड में बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. जबकि बाइक सवार गीधा (आरा) निवासी हर्ष कुमार और अमन सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गये. इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति कायम हो गयी. जख्मी युवकों को मौके पर मौजूद लोगों ने पीरो अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को आरा रेफर कर दिया है. पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए ट्रक चालक को भी अपने कब्जे में ले लिया है. इधर नो इंट्री को लागू कराने में प्रशासन की लापरवाही से नाराज लोग आक्रोशित हो गये और बिहिया रोड में समाजसेवी सह भाजपा नेता अमित गुप्ता के नेतृत्व में सड़क पर उतर गये. इस कारण करीब एक घंटे तक बिहिया-बिहटा स्टेट हाइवे पर आवागमन बाधित रहा. इधर जब स्थानीय प्रशासन को लोगों के आक्रोशित होकर सड़क पर उतरने की सूचना मिली तब पीरो थाना की एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रकों से जुर्माने का चालान काटना शुरू किया. काफी समझने बुझाने के बाद लोग शांत हुए और सड़क पर आवागमन बहाल हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >