विधायक व एसडीओ के आश्वासन पर खेल मैदान बचाओ अभियान का धरना खत्म

चरपोखरी प्रखंड मुख्यालय स्थित खेल मैदान को बचाने के लिए आठ दिनों से चल रहा था धरना

चरपोखरी.

प्रखंड मुख्यालय स्थित खेल मैदान को बचाने के लिए पिछले आठ दिनों से चल रहा धरना प्रदर्शन गुरुवार को आखिरकार अगिआंव विधायक और पीरो एसडीओ के सकारात्मक आश्वासन के साथ समाप्त हो गया. इस आंदोलन की कमान सियाडीह मुखिया लाल मुक्ति पासवान ने संभाल रखी थी, जिन्होंने कहा था कि खेल मैदान को बचाने के लिए वे मर-मिटने को तैयार हैं.

मुखिया लाल मुक्ति पासवान का स्पष्ट कहना था कि यह मैदान यहां के युवाओं के भविष्य की बुनियाद है और अगर इसे बर्बाद कर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का भवन बनाया गया, तो आने वाली पीढ़ी का भविष्य अंधकार में डूब जायेगा. इस मुहिम को अगिआंव विधायक महेश पासवान का भी कड़ा समर्थन प्राप्त था जो लगातार कई दिनों से इस संघर्ष में जुटे हुए थे. विधायक ने अधिकारियों से सीधा संवाद कर खेल मैदान के पक्ष में अपनी आवाज बुलंद की और स्पष्ट किया कि विकास के नाम पर युवाओं के खेल की बलि नहीं दी जा सकती. इधर आंदोलन के आठवें दिन विधायक की पहल पर पीरो एसडीओ कृष्णकांत उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों की मांगों पर सहमति जतायी और आश्वासन दिया कि खेल मैदान यथावत सुरक्षित रहेगा. एसडीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रखंड परिसर में ही वैकल्पिक जगह का चयन कर लिया गया है. हालांकि भवन का एक छोटा सा हिस्सा करीब 10 से 15 फुट मैदान के किनारे आयेगा, लेकिन मैदान का बड़ा हिस्सा खेल के लिए सुरक्षित रहेगा. इसके साथ ही जल्द ही एक अन्य नये खेल मैदान का निर्माण कराया जायेगा और तब तक स्थानीय लोग इसी मैदान का उपयोग कर सकेंगे. इधर मुखिया लाल मुक्ति पासवान और विधायक महेश पासवान तथा खिलाड़ियों की इस साझा जीत के बाद प्रदर्शनकारियों ने इसे जनता के हक की जीत बताया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEVENDRA DUBEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >