आरा.
सहार थाना क्षेत्र के बड़की खड़ाव स्थित ब्रह्मा बाबा के समीप तीन दिन पूर्व सड़क हुए हादसे में जख्मी बुजुर्ग की मौत हो गयी. इलाज के दौरान शनिवार की रात उन्होंने घर पर ही दम तोड़ दिया. जानकारी के अनुसार सहार थाना क्षेत्र के लोदीपुर हाता निवासी स्व. द्वारिका राम के 60 वर्षीय पुत्र शारदा राम हैं, जो मजदूरी कर परिवार को चलाते थे. इधर, मृतक के परिजन संजय राम ने बताया कि बीते एक जनवरी की सुबह वह सिर पर धान का बोझा लेकर सड़क पार कर रहे थे. उसी दौरान बड़की खड़ांव स्थित ब्रह्म बाबा के समीप बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये थे. सहार थाना पुलिस द्वारा उन्हें सहार रेफरल अस्पताल ले जाया गया था. सूचना पाकर परिजन वहां पहुंचे और उन्हें वहां से अरवल सदर अस्पताल ले गये, जहां से उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. उसके बाद परिजन शनिवार की देर शाम वापस जा रहे थे, तभी उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया. परिजन द्वारा इसकी सूचना सहार थाना पुलिस को दी गयी. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया. बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाइयों में बड़े थे. उनके परिवार में पत्नी सविता देवी व दो पुत्र चंदन कुमार, अविनाश कुमार एवं एक पुत्री वंदना कुमारी है. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. उनकी पत्नी सविता देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
