Arrah Girls Shelter Home Death : आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र स्थित अल्पवास गृह में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है. पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जबकि मृतका के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
Bhojpur News :पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी, हत्या की जताई आशंका
बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा गांव निवासी मृतका के पिता संजय कहार ने नवादा थाने में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ महीने पहले बेलौना-खरौनी गांव निवासी दीपक गोंड उनकी बेटी राजनंदनी कुमारी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था. इस मामले में पहले से बिहिया थाने में प्राथमिकी दर्ज है.
Arrah News :कोर्ट के आदेश पर अल्पवास गृह में रह रही थी युवती
परिजनों के अनुसार न्यायालय के आदेश के बाद राजनंदनी कुमारी अल्पवास गृह में रह रही थी. पिता ने बताया कि घटना से एक दिन पहले वह बेटी से मिलने गए थे. उस समय उसने कहा था कि कुछ दिनों बाद उसे अल्पवास गृह से छुट्टी मिल जाएगी और वह काफी खुश थी.
कमरे से मिला सुसाइड नोट
पुलिस के अनुसार युवती के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है. नोट में लिखा है, “मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना.” इसके साथ ही उसने उस युवक का भी जिक्र किया है, जिससे वह प्रेम करती थी. नोट में लिखा गया है कि “प्यार करके तुमने मुझे धोखा दिया है.”
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पिता का आरोप है कि उनकी पुत्री के साथ कुछ गलत हुआ है और उसकी हत्या की गई है. वहीं पुलिस को सुसाइड नोट मिलने के बाद मामले की जांच आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
