आरा.
जिले के चौरी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव से रजरप्पा मंदिर में दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरा पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में पिकअप वैन पर सवार एक युवक की मौत हो गयी. वहीं, डेढ़ दर्जन श्रद्धालु घायल हो गये. घायलों को नजदीकी अस्पताल में इलाज कराया गया. घटना झारखंड के हजारीबाग के समीप शुक्रवार की अहले सुबह चार बजे की है. ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार की संध्या समय करीब साढ़े चार बजे सभी लोग अंधारी गांव से पिकअप वैन से रजरप्पा मंदिर में दर्शन करने निकले. शुक्रवार की अहले सुबह चार बजे हजारीबाग से 20 किलोमीटर आगे पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में अंधारी गांव के सत्येंद्र साह के 22 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार साह की पिकअप से दबकर मौत हो गयी. वहीं, अंधारी गांव के शत्रुघ्न चौधरी का पुत्र दीपक कुमार, आनंद चौधरी का पुत्र रंजन चौधरी, सत्येंद्र चौधरी का पुत्र छोटू चौधरी, कौशल साव का पुत्र मनीकांत साव, सिपाही चौधरी का पुत्र अरमान चौधरी, धर्मेंद्र कुमार का पुत्र गोलू कुमार, धर्मराज कुमार का पुत्र मुन्ना कुमार, निर्मल साव का पुत्र मोहन कुमार, अरुण चौधरी का पुत्र बुधु कुमार, धर्म चौधरी का पुत्र अभिषेक कुमार सहित अन्य जख्मी हो गये. सभी घायलों को स्थानीय हजारीबाग पुलिस द्वारा हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है. हादसे की सूचना मिलते ही अंधारी गांव में मातम और हहाकार मच गया. सूचना पर अंधारी गांव से एक दर्जन युवकों के परिजनों हजारीबाग के लिए रवाना हो गये. वहीं परिजनों के अनुसार सभी घायलों की हालात स्थिर बतायी जा रही है. ग्रामीण शव व घायलों के आने का इंतजार कर रहे हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
